TTP Attack in Pakistan: TTP आतंकियों ने पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में शांति समिति सदस्य के घर पर हमला किया, जिसमें 5 की मौत हुई. संगठन ने शरिया लागू करने का दावा किया, और कहा हमारा दुश्मन सिर्फ पाकिस्तान है.
Trending Photos
)
TTP Attack in Pakistan: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक बड़ा आतंकी हमला हुआ है. यह हमला प्रतिबंधित आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) से जुड़े आतंकवादियों ने किया. आतंकियों ने शांति समिति के सदस्य कादिर ज़मां के घर को निशाना बनाया. यह घटना शनिवार को उत्तर वजीरिस्तान जिले के मीर अली तहसील में हुई. इस हमले में कादिर ज़मां के परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई. मरने वालों में एक महिला भी शामिल है.
शरिया कानून लागू करना चाहता है TTP
हमले के दौरान कई अन्य लोग घायल भी हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. TTP ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है और बयान जारी कर कहा कि हमला शरिया कानून लागू करने के मकसद से किया गया. उनका कहना है कि शांति समिति के सदस्य पाकिस्तानी सरकार का समर्थन करते हैं, इसलिए उन्हें निशाना बनाया गया.
TTP ने बताया पाकिस्तान को अपना दुश्मन
गौर करने वाली बात यह है कि यह हमला TTP द्वारा एक अजीब बयान जारी करने के ठीक एक दिन बाद हुआ. उस बयान में आतंकी संगठन ने कहा कि उनका अमेरिका, इज़राइल या भारत से कोई दुश्मनी नहीं है. उन्होंने दोहराया कि उनका "केवल एक दुश्मन पाकिस्तान है."
हमले की हो रही है जांच
TTP का यह रवैया साफ दिखाता है कि वह पाकिस्तान के अंदर अपनी पकड़ मजबूत करना चाहता है और वहां के लोगों व सुरक्षा तंत्र को कमजोर कर रहा है. कादिर ज़मां जैसे लोग, जो शांति की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें भी TTP बर्दाश्त नहीं कर रहा. सरकारी एजेंसियां इस हमले की जांच कर रही हैं, और सुरक्षा बलों को अलर्ट पर रखा गया है. अभी तक किसी गिरफ्तारी की जानकारी नहीं दी गई है. लगातार हो रहे ऐसे हमले पाकिस्तान के लिए गंभीर सुरक्षा चुनौती बने हुए हैं.