)
अमित सोनी/ललितपुर: उत्तर प्रदेश के ललितपुर (Lalitpur) जिले से एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है. यहां एक शख्स ने बाजार से सब्ज़ी खरीदने जाने के लिए बीमारी का बहाना बनाकर 108 नंबर कॉल किया और एंबुलेंस बुला ली. शख्स के मुताबिक पुलिस ने कई बार उसकी गाड़ी का चालान कर दिया था, इसलिए उसने इस बार एंबुलेंस बुलाकर उसी से बाजार तक पहुंचने की ठानी. मामला तालबेहट तहसील के भदौना गांव का है. इस शख्स का एक ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
एम्बुलेंस ड्राइवर के मुताबिक मंगल की रात वह CHC तालबेहट पर अपनी ड्यूटी पर तैनात था तो उसे सुग्रीव राजपूत नाम के शख्स का 108 नंबर पर फोन आया. उसने एंबुलेंस ड्राइवर से कहा कि एक मरीज़ को भदौना गांव से तालबेहट ले जाना है. एंबुलेंस ड्राइवर जब मौके पर पहुंचा तो वहां कोई मरीज़ नहीं मिला. ड्राइवर ने फोन करने वाले सुग्रीव राजपूत को कॉल बैक कर बताया कि वह एंबुलेंस लेकर उसकी बताई जगह पर खड़ा है.
सुग्रीव राजपूत ने फोन पर ही एंबुलेंस ड्राइवर को बताया कि उसे सिर्फ बाज़ार तक सब्ज़ी लाने जाना है. ड्राइवर शख्स से एम्बुलेंस बुलाने की वजह से सुन चौंक गया और पुलिस के पास उसकी शिकायत करने की बात कही. सुग्रीव ने एंबुलेंस ड्राइवर को बताया कि वह जब भी बाज़ार के लिए निकलता है तो पुलिस उसकी बाइक का चालान कर देती है. अब तक 12000 का चालान कटवा चुका है. इसलिए उसने परेशान होकर 108 एंबुलेंस से बाज़ार सब्ज़ी खरीदने जाने की ठानी.
जब ललितपुर ASP ब्रजेश सिंह से ज़ी मीडिया ने इस वारदात और गाड़ियों का भारी चालान करने के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा, ''सभी लोगों को आगाह कराया जा रहा कि ट्रेफिक कानून का पालन करें. अगर नहीं करेंगे तो पहली बार चालान किया जाएगा, दूसरी बार चालान किया जाएगा लेकिन तीसरी बार लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा. शख्स का चालान देखकर ही पता चलता है कि उसने बार-बार ट्रेफिक नियम तोड़े हैं. तभी उस पर र्कारवाई हुई है.''
Zee Salaam LIVE TV