)
Turkey Israel Relations: तुर्की और इजरायल के बीच तनाव लगातार गहराता जा रहा है. गाजा जंग को लेकर पहले से ही नाराज़गी जाहिर कर रहा तुर्की अब एक के बाद एक कड़े फैसले ले रहा है. तुर्की ने आज ऐलान किया कि अब इजरायली सरकारी विमानों को उसके हवाई क्षेत्र से गुजरने की इजाजत नहीं दी जाएगी. इतना ही नहीं, तुर्की ने अपने बंदरगाहों को भी इजरायल से जुड़ी समुद्री गतिविधियों के लिए बंद कर दिया है. इसमें खासतौर पर उन जहाजों को रोका जाएगा जो तीसरे देशों के नाम पर हथियार और गोला-बारूद लेकर इजरायल पहुंच रहे हों.
तुर्की के विदेश मंत्री हाकान फिदान ने संसद में गाजा पर विशेष बहस के दौरान कहा कि उनका देश इजरायल के खिलाफ अब पूरी तरह से सख्त रुख अपनाएगा. उन्होंने साफ कहा कि हमने इजरायल के साथ अपने व्यापारिक संबंध पूरी तरह से खत्म कर दिए हैं. हमारे बंदरगाह अब इजरायली जहाजों के लिए बंद हैं. हम न तो हथियार और गोला-बारूद ले जाने वाले जहाजों को अपने पोर्ट्स में एंट्री देंगे और न ही इजरायली विमानों को अपनी एयरस्पेस से गुजरने देंगे.
दरअसल, मई 2024 में ही तुर्की ने इजरायल के साथ डायरेक्ट व्यापार बंद कर दिया था. तुर्की की मांग है कि गाजा में फौरन स्थायी सीजफायर लागू हो और मानवीय सहायता को बिना शर्त एंट्री दिया जाए, इस फैसले से पहले 2023 में दोनों देशों के बीच लगभग 7 अरब डॉलर का व्यापार हुआ था, लेकिन गाजा जंग के चलते यह रिश्ता तेजी से बिगड़ गया.
तुर्की के राष्ट्रपति ने बोला था हमला
वहीं, तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैयप एर्दोगान लंबे वक्त से इजरायल की गाजा में की जा रही कार्रवाइयों के कट्टर आलोचक रहे हैं. एर्दोगान कई बार खुले मंच से इजरायल को नरसंहार करने वाला देश बता चुके हैं. उन्होंने इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू की तुलना हिटलर से करते हुए कहा था कि इजरायल की नीतियां पूरी दुनिया में अमानवीय उदाहरण बन चुकी हैं.
इससे पहले भी लगी थी पाबंदी
इसी बीच, तुर्की मीडिया ने कुछ दिन पहले खबर दी थी कि इजरायल से जुड़ी समुद्री आवाजाही पर भी रोक लगाई गई है, हालांकि तब तक इसकी आधिकारिक तस्दीक नहीं हुई थी. अब तुर्की सरकार ने इस पर मोहर लगा दी है. इससे पहले, नवंबर 2023 में तुर्की ने इजरायल के राष्ट्रपति इसाक हर्ज़ोग के विमान को अपने हवाई क्षेत्र से गुजरने की इजाजत नहीं दी थी. उस वक्त एर्दोगान ने कहा था कि तुर्की को कुछ मुद्दों पर साफ और सख्त रुख अपनाना ही होगा.