)
रामपुर: अजीमनगर थाना इलाके में 1 मई जुमें को मस्जिद में नमाज पढ़ने को लेकर एक समुदाय के दो गुट आमने सामने आ गए. उसके बाद दोनों गुटों के बीच जमकर पथराव हुआ और फायरिंग होने की ख़बर सामने आई.ज़राए के मुताबिक हादसे में तीन लोग घायल हो गए. ख़बर मिलने पर सीओ ब्रहमपाल सिंह और अजीमनगर पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस को देखकर दोनों गुटों के लोग भाग निकले.
सीओ ब्रहमपाल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पथराव में गाड़ी के शीशे भी तोड़े गए. उनका कहना है कि दोनों गुटों के बीच नमाज पढ़ने को लेकर विवाद हुआ था. सीओ के मुताबिक लॉकडाउन के चलते केवल 5-6 लोगों को ही जमा होने की इजाज़त है जबकि दूसरा गुट ज्यादा लोगों की एंट्री कराना चाहता था जिसे लेकर ये सारा विवाद शुरू हुआ था.
उन्होंने कहा कि इस विवाद में फायरिंग भी की गई और एक शख्स छुरा लगने से ज़ख्मी हो गया है. सीओ का कहना है कि जो भी लोग इस विवाद में शामिल हैं उन लॉकडाउन के नियम को तोड़ने और इस जुर्म में शामिल होने को लेकर FIR दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
बताया जा रहा है कि रामपुर के अजीमनगर थाना इलाके के शौकतनगर गांव की मस्जिद में दोपहर 2 बजे के करीब कुछ लोग नमाज पढ़ने आ गए. इस दौरान मुतवल्ली ने उनसे कहा कि हुकूमत की गाइडलाइन के मुताबिक 5 लोग ही नमाज पढ़ सकते हैं. मुतवल्ली ने उनसे कोरोना के खतरे को देखते हुए सोशल डिसटेंसिंग के मद्देनजर अंदर आने के लिए मना किया जिसके बावजूद वह अंदर एंट्री करने की कोशिश करने लगे.
इसी बात को लेकर मस्जिद में पहले से मौजूद लोगों और नमाज पढ़ने आए लोगों के बीच तकरार शुरू हो गई. पहले मौजूद 5 लोग कहने लगे की वे नमाज पढ़ेंगे तो दूसरे पक्ष के लोग कहने लगे कि वे पढ़ेंगे. इसी बात को लेकर देखते ही देखते दोनों गुटों में मारपीट शुरू हो गई. दोनों ओर से पत्थर चलने लगे. दोनों गुटों के हिमायत में और लोग भी आए गए. इसके बाद फायरिंग भी शुरू हो गई.
Live TV