)
कीवः यूक्रेन और रूस के बीच जारी युद्ध के चैथे दिन इतवार को यूक्रेन ने रूस से बातचीत करने के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है. दोनों देशोें के प्रतिनिधियों के बीच बेलारूस बाॅडर इलाके में बातचीत होगी. इससे पहले यूक्रेन ने बेलारूस में बैठक के प्रस्ताव को खारिज कर दिया है, क्योंकि बेलारूस रूस का हिमायती देश है और रूस यूक्रेन पर हमले के लिए बेलारूस की जमीन का इस्तेमाल कर रहा है. उधर यूक्रेन ने दावा किया है कि उसके सबसे बड़े शहर खारकीव को रूसी सैनिकों के कब्जे से पूरी तरह आजाद करा लिया है.
यूक्रेन से 3,68,000 लोग भागे
इसी बीच संयुक्त राष्ट्र की शरणार्थी एजेंसी ने कहा कि युद्ध की वजह से पड़ोसी देशों में पहुंच रहे यूक्रेन के नागरिकों की संख्या 3,68,000 हो गई है. संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी मामलों के उच्चायुक्त ने शनिवार को अनुमान जताया था कि यूक्रेन के कम से कम 1,50,000 नागरिक भागकर पोलैंड और हंगरी और रोमानिया समेत अन्य देश चले गए हैं. प्रवक्ता क्रिस मीजर ने ट्विटर पर कहा कि पोलैंड-यूक्रेन क्रॉसिंग पर वाहनों की 14 किलोमीटर लंबी लाइन लगी नजर आई है.
बेल्जियम ने रूसी विमान कंपनियों के लिए हवाई क्षेत्र बंद किया
बेल्जियम भी उन देशों में शामिल हो गया है जिसने रूसी विमान कंपनियों के लिए अपने हवाई क्षेत्र को बंद करने की घोषणा की है. बेल्जियम के प्रधानमंत्री अलेक्जेंडर डी क्रू ने इतवार को कहा, ‘‘यूरोप का आसमान उन लोगों के लिए खुला है जो लोगों को जोड़ते हैं, न कि उनके लिए जो क्रूरतापूर्वक आक्रमण करना चाहते हैं.’’ इससे पहले रूस ने शनिवार को कहा था कि वह अपने हवाई क्षेत्र को लिथुआनिया, लातविया, एस्टोनिया और स्लोवेनिया के विमानों के लिए बंद कर रहा है क्योंकि उन्होंने रूसी विमानों को अपने-अपने हवाई क्षेत्र में प्रतिबंधित कर दिया है. बुल्गारिया, चेक गणराज्य, पोलैंड और रोमानिया सहित कई अन्य देशों ने भी रूसी विमान कंपनियों के लिए प्रतिबंध लगाए हैं.
यूक्रेन संकट के बीच बेलारूस में जनमत संग्रह
बेलारूस के अधिनायकवादी नेता 27 साल की अपनी सत्ता को और मजबूत करने के इरादे से इतवार को जनमत संग्रह करा रहे हैं जिसके लिए लोग मतदान कर रहे हैं. उल्लेखनीय है कि बेलारूस के राष्ट्रपति एलेक्सजेंडर लुकाशेंको ने सहयोगी रूस को यूक्रेन पर हमला करने के लिए अपने क्षेत्र का इस्तेमाल करने की अनुमति दी है. इस बीच, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने इतवार को जारी एक वीडियो संदेश में हमले के लिए रूस को अपनी जमीन देने पर बेलारूस की निंदा की. उन्होंने बेलारूस से कहा कि आप इस युद्ध में हमारे साथ नहीं हैं. रूसी सेना आपकी जमीन से यूक्रेन पर मिसाइल दाग रही है. आपके क्षेत्र से हमारे बच्चों को मारा जा रहा है. वे हमारे मकानों को नष्ट कर रहे हैं और हर उस चीज को उड़ा रहे हैं जिन्हें दशकों की मेहनत से बनाया गया है.’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम पड़ोसी हैं. बेलारूस रहिए, रूस नहीं.’’
Zee Salaam Live Tv