)
लखनऊ: कोरोना से जंग में उत्तर प्रदेश की योगी हुकूमत हर मुमकिन कदम उठा रही है, इसी सिम्त में हुकूमत के काबिले तारीफ कोशिशों से सभी जिलों में वेंटिलेटर बेड के इंतेज़ामात करने वाला UP मुल्क का पहला सूबा बन गया है. जुमेरात को एडीशनल चीफ सैक्रेटरी (होम) अवनीश अवस्थी ने इसकी जानकारी दी.
अवनीश अवस्थी ने बताया कि गुज़िश्ता दो दिनों में सभी ज़िलों में वेंटिलेटर के इंतेज़ामात कर दिए गए हैं. कोविड-19 किट, मेडिकल वेंटिलेटर की तादाद 1300 हो गई है. सूबे में अब ऐसा कोई भी ज़िला नहीं है, जहां वेंटिलेटर बेड के इंतेज़ामात न हों. ऐसा करने वाला उत्तर प्रदेश मुल्क का पहला सूबा है, यह एक बड़ी हुसूलियाबी है.
उत्तर प्रदेश मेहका सेहत की जानिब से जुमेरात शाम 4 बजे तक जारी आंकड़ों के मुताबिक सूबे के 67 जिलों तक फैल चुके कोरोना मरीज़ों की तादाद 3059 हो गई है. उत्तर प्रदेश में कोरोना के एक्टिव मरीजों की तादाद 1868 है. उत्तर प्रदेश में अब तक मिले कोविड-19 के कुल मामले में 75.16 फीसद मर्द और 24.87 फीसद ख्वातीन मरीज़ शामिल हैं. सूबे में अब तक कोरोना वायरस की वजह से 61 लोगों की जान गई है. वहीं 1130 कोरोना मरीज़ पूरी तरह सेहतमंद होने के बाद मुख्तलिफ अस्पतालों से डिस्चार्ज किए जा चुके हैं.
Zee Salaam Live TV