)
नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश में विधान सभा चुनाव जारी हैं. उत्तर प्रदेश में अब तक पांच चरणों के चुनाव हो चुके हैं. अगले चरणों के चुनाव के लिए सियासी घमासान जारी है. इसी दरमियान सपा प्रमुख अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दरमियान जुबानी जंग शुरु हो गई है.
दरअसल डिंपल यादव ने भगवा रंग पर टिप्पणी की थी. इस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व सांसद डिंपल यादव को जावब दिया है. योगी ने एक ट्वीट कर कहा, 'हां मैं भगवाधारी हूं.' इस ट्वीट के साथ ही मुख्यमंत्री ने अपने भाषण का एक वीडियो भी शेयर किया है.
योगी आदित्यनाथ ने अपने ट्वीट के साथ जो वीडियो शेयर किया है उसमें उन्हें कहते हुए सुना जा सकता है कि "एक बात मुझे बहुत खटकी है. आपने सपा के कुछ लोगों के बयान सुने होंगे. वो बयान सृष्टि का भी अपमान है. सनातन धर्म और संत समाज का भी अपमान है. भगवा को उन्होंने जंग के साथ जोड़ा है, लेकिन हां, मैं कह सकता हूं कि मैं भगवाधारी हूं. हर उत्तर प्रदेशवासी कहेगा, हम भगवाधारी हैं. इसलिए बोलेंगे क्योंकि ये भगवा सृष्टि की ऊर्जा का रंग है. सूर्योदय जब होता है तब भगवान सूर्य का रंग भी भगवा ही होता है." सीएम योगी का यह बयान डिंपल यादव की टप्पणी से जोड़कर देखा जा रहा है.
क्या कहा था डिंपल ने?
ख्याल रहे कि डिंपल यादव ने भगवा रंग को जंग लगे लोहे की तरह बताया था. उन्होंने कहा था, "ये जो डबल इंजन की सरकार है. जब इंजन में जंग लग जाता है, जंग का रंग क्या होता है? मुझे लगता है जिस रंग के हमारे मौजूदा मुख्यमंत्री कपड़े पहनते हैं उसी रंग का होता है. तो ऐसे जंग वाले इंजन को हटाने का समय आ गया है."
Video: