)
नई दिल्लीः उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में राज्य के 16 जिलों के 59 निर्वाचन क्षेत्रों में तीसरे चरण के लिए इतवार को मतदान होगा. यूं तो सभी चुनाव महत्वपूर्ण होते हैं, लेकिन तीसरे चरण का यह चुनाव इसलिए ज्यादा खास बन गया है क्योंकि सपा प्रमुख अखिलेश यादव के भविष्य का फैसला भी इसी चरण में होना है. अखिलेश यादव मैनपुरी जिले के करहल क्षेत्र से पहली बार विधानसभा चुनाव में किस्मत आजमा रहे हैं. वर्ष 2017 में भाजपा की लहर में भी सपा के सोबरन सिंह यादव ने इस सीट पर अपनी जीत बरकरार रखी थी. शायद यही वजह है कि अखिलेख यादव ने इस सीट से चुनाव लड़ना ज्यादा सुरक्षित समझा होगा.
''एक सीट 300 सीटों का काम कर सकती है''
अखिलेश के मुकाबले केंद्रीय मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल के भाजपा उम्मीदवार के रूप में सामने आने से मुकाबला दिलचस्प हो गया है. बघेल पहले ही दावा कर चुके हैं कि किसी भी निर्वाचन क्षेत्र को ’किला’ या ’गढ़’ नहीं कहा जा सकता है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह यहां बघेल के लिए प्रचार कर चुके हैं. अमित शाह ने मतदाताओं से कहा कि केवल एक सीट (करहल) 300 सीटों का काम कर सकती है. अमित शाह ने कहा था, ’’करहल में कमल को जीत दिलाएं और राज्य से सपा का सफाया हो जाएगा.’’
तीसरे चरण में इन दिग्गजों का होगा फैसला
तीसरे चरण के कुल 627 उम्मीदवारों में राज्य सरकार के मंत्री सतीश महाना (महाराजपुर-कानपुर) व आबकारी मंत्री रामनरेश अग्निहोत्री (भोगांव-मैनपुरी) रामवीर उपाध्याय (हाथरस-सादाबाद) भाजपा से चुनाव मैदान में हैं, जबकि पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद की पत्नी लुईस खुर्शीद फर्रुखाबाद सदर से कांग्रेस की उम्मीदवार हैं. भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) छोड़कर राजनीति में कूदे अपर पुलिस महानिदेशक स्तर के अधिकारी रहे असीम अरुण भी इसी चरण में कन्नौज के सदर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर अपनी राजीतिक किस्मत आजमा रहे हैं.
पिछली विधानसभा में यहां कौन था कितना ताकतवर
वर्ष 2017 में भाजपा ने तीसरे चरण की 59 सीटों में से कुल 49 सीटें जीती थीं जबकि सपा को सिर्फ नौ सीटों से संतोष करना पड़ा था. कांग्रेस को एक सीट मिली थी, जबकि बहुजन समाज पार्टी को एक भी सीट नहीं मिल सकी थी. उल्लेखनीय है कि पहले चरण में 10 फरवरी को 58 और दूसरे चरण में 14 फरवरी को 55 सीटों पर मतदान संपन्न हो चुका है. राज्य में सात चरणों में हो रहे विधानसभा चुनाव के सातवें चरण का मतदान सात मार्च को होगा और नतीजे 10 मार्च को आएंगे.
Zee Salaam Live Tv