Hapur News: दिल्ली में लालकिले के पास धमाके के बाद यूपी पुलिस अलर्ट पर है. हापुड़ में चेकिंग के दौरान शोएब समेत तीन युवक पकड़े गए. पुलिस ने 35 लीटर हाईड्रो फ्लोराइड और ढाई किलो पोटास बरामद किया. तीनों से पूछताछ जारी है.
Trending Photos
)
Hapur News: लाल किले के पास हुए धमाके के बाद सभी राज्यों की पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं. इस बीच यूपी पुलिस ने हापुड़ में तीन युवक को विस्फोटक सामग्री के साथ गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई हापुड़ जिले के पिलखुवा क्षेत्र में पुलिस ने चेकिंग के दौरान हुई है. तीनों के पास से करीब ढाई किलो पोटास और 35 लीटर हाईड्रो फ्लोराइड कैमिकल बरामद किया गया है.
दरअसल, हापुड़ के अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर ने बताया कि एनएच-9 दिल्ली–लखनऊ हाईवे पर पुलिस टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी. इस दौरान दो अलग-अलग वाहनों को रोका गया, जिनमें तीन युवक सवार थे. जांच में पता चला कि शोएब नाम के एक आरोपी के वाहन में 35 लीटर हाइड्रोफ्लोराइड था. इसे जब्त कर लिया गया है.
जांच कर रही है पुलिस
आरोपी शोएब मुरादाबाद के कांड के उमरी कला का रहने वाला है. पूछताछ में शोएब ने बताया कि वह यह केमिकल दिल्ली से लेकर आया था और इसे कांच के उत्पादों की सफाई और नक्काशी के काम में इस्तेमाल किया जाना था. हालांकि, पुलिस उसकी बात की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश में है कि कहीं यह कैमिकल किसी संदिग्ध गतिविधि में तो इस्तेमाल नहीं होना था.
पुलिस ने दो और लोगों को किया गिरफ्तार
वहीं, पुलिस ने दो दूसरे युवकों शोभित कुमार और विजेन्द्र सिंह को भी गिरफ्तार हिरासत में लिया है. दोनों सीतापुर जिले के रहने वाले हैं. इनके पास से ढाई किलो पोटास बरामद हुआ है. पूछताछ में दोनों ने बताया कि उन्होंने यह सामग्री खेतों में जानवरों को भगाने के लिए खरीदी थी. पुलिस फिलहाल तीनों से गहन पूछताछ कर रही है और बरामद कैमिकल की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है. एएसपी विनीत भटनागर ने कहा कि मामले की हर दिशा में जांच जारी है और जरूरत पड़ने पर दिल्ली पुलिस व एटीएस से भी संपर्क किया जाएगा.