)
देहरादून: तबलीगी जमातियों से बढ़ रही कोरोना मुतास्सिरीन की तादाद से मुल्क में हड़कंप मचा हुआ है. उत्तराखंड हुकूमत और इंतेज़ामिया ने अब छिपकर बैठे हुए जमातियों पर सख्त एक्शन लेना शुरू कर दिया है. पुलिस ने तबलीगी जमातियों को खुद पेश होने का अल्टीमेटम दिया है. साथ ही वार्निंग दी है कि शनाख्त न बताने वाले कोरोना मुतास्सिरीन जमातियों पर कत्ल की कोशिश का मुकदमा दर्ज होगा.
दरअसल, उत्तराखंड में भी जमातियों की वजह से कोरोना के मरीजों में इजाफा हुआ है. देहरादून की भगत सिंह कॉलोनी के 5 लोगों में कोविड-19 की तस्दीक हुई है. डीजी लॉ एंड ऑर्डर अशोक कुमार ने अपील की है कि आम लोग भी जमातियों के बारे में इत्तेला दें. पुलिस हेडक्वार्टर ने मुश्तबा की जानकारी देने के लिए 0135-2722100 नंबर भी जारी किया है.
चोरी-छिपे रियासत में दाखिल होने वाले 6 जमातियों पर केस दर्ज
पुलिस ने जमातियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने शुरू भी कर दिए हैं. रियासत में चोरी-छिपे आने वाले 6 जमातियों के खिलाफ पुलिस ने नेशनल डिजास्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है. देहरादून, हरिद्वार, उधम सिंह नगर और पौड़ी में मुकदमे दर्ज किए गए हैं. डीजी लॉ एंड ऑर्डर अशोक कुमार ने बताया कि अब दिल्ली से लौटे जमाती मिलते हैं, तो उनके खिलाफ कत्ल का मुकदमा दर्ज किया जाएगा. अब तक कुल 36 मुल्ज़िमीन के खिलाफ केस दर्ज किया गया है.
Zee Salaam Live TV
वार्निंग के बाद सामने आए जमाती
पुलिस की वार्निगं के बाद जमात में शामिल होकर आए कुछ लोगों ने इंतेज़ामिया से राब्ते भी शुरू किए है. भगत सिंह कॉलोनी और डोईवाला इलाके में कई ऐसे लोगों ने राब्ता किया है जो जमात में शामिल होकर उत्तराखंड आए हैं. उधर, भगत सिंह कॉलोनी को सील करने के बाद इंतेज़ामिया और मेडिकल टीम ने कॉलोनी में ही अपना डेरा जमा लिया है.
बता दें कि उत्तराखंड पुलिस ने कल ही वार्निंग जारी करते हुए कहा था कि पीर तक वो लोग इंतेज़ामिया को अपनी रिपोर्ट दें जो मरकज़ में शामिल होकर वापस आए हैं. ऐसा न करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. इसके बाद से जमातियों में हड़कंप मचा हुआ है. जमाती कई दूसरे लोगों के नाम, पते और फोन नंबर भी इंतेज़ामिया को बताने लगे हैं.