)
नई दिल्ली: हिंदुस्तानी क्रिकेट टीम के साबिक कप्तान महेंद्र धोनी ने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया है. क्रिकेट जगत में धोनी माही के नाम से भी फेमस हैं. माही के रिटायरमेंट को लेकर लंबे वक्त से अटकलें लग रही थीं, जिसको आज सच करते हुए धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को गुडबाय कह दिया है. धोनी जनवरी में कान्हा टाइगर रिज़र्व पार्क में घूमने गए थे. इस दौरान धोनी ने अपने कैमरे से टाइगर की फोटो क्लिक की थी. इस फोटो को उन्होंने अपने इंस्टा पर परफेक्ट क्लिक के साथ शेयर किया था.
धोनी रिटायरमेंट की खबर सुनने के बाद से फैन्स बेहद दुखी हैं. उनके कई फैन्स ने पीटिशन डालना भी शुरू कर दिया है. हिंदुस्तानी क्रिकेट टीम को दुनियाभर में पहचान दिलाने के लिए साबिक कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का अहम किरदार रहा है. धोनी ने अपनी कप्तानी के दौरान हिंदुस्तानी क्रिकेट टीम को वनडे वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप और आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जिताई है. धोनी ने टेस्ट मैच में भी हिंदुस्तान को नंबर वन मकाम दिलाया है.
38 साल की उम्र में धोनी करोड़ों लोगों का दिल जीत चुके हैं. धोनी एकलौते ऐसे कप्तान हैं जिन्होंने आईसीसी की सभी ट्रॉफियों पर कब्ज़ा कर टीम इंडिया को ऊंचाइयों पर पहुंचाया है.
आपको बता दें कि मध्य प्रदेश में भी धोनी की अलग ही फैन फॉलोइंग रही है. जनवरी में धोनी अपने परिवार के साथ छुट्टियां मनाने मध्य प्रदेश के मंडला पहुंचे थे. जहां उन्हें देखने के लिए उनके फैन्स की भीड़ उमड़ गई थी. आलम ये था कि सिक्योरिटी फोर्सेज़ भी उनके चाहने वालों को काबू नहीं कर पा रही थी. उनके फैन्स धोनी-धोनी आवाज़ लगा रहे थे. जिसका वीडियो भी खूब वायरल हुआ था. उस वीडियो में धोनी जीप की फ्रंट सीट पर बैठे थे और फैन्स उनको चारों ओर से घेरे उनके साथ सेल्फी लेने के लिए बेकरार थे. धोनी कान्हा राष्ट्रीय टाइगर रिजर्व में वाइल्ड लाइफ का लुत्फ लेने गए थे. धोनी 25 जनवरी को पहुंचे थे. 31 जनवरी तक उन्होंने जंगल सफारी और कैंपिंग की थी.
Zee Salaam LIVE TV