)
Giriraj Singh on Tauqeer Raza: इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल के प्रमुख मौलाना तौकीर रजा ने हिंदू लड़के-लड़कियों का धर्म परिवर्तन कराने की बात कही थी, जिसके बाद देश की सियासत गरमा गई. तौकीर रजा के खिलाफ बीजेपी हमलावर है. अब बीजेपी के सीनियर लीडर और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने इस पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि तौकीर रजा को सबक सिखाना जरूरी है, क्योंकि अगर देश के बंटवारे के वक्त उन्हें यानी मुसलमानों को यहां रहने नहीं दिया जाता तो आज ये हालात पैदा नहीं होते.
गिरिराज सिंह ने क्या कहा?
उन्होंने कहा, ''मुसलमानों को एक साजिश के तहत यहां रोका गया, ताकि आज ऐसी हालात पैदा हो सके. यह एक गलती थी जब मुल्क का मजहब के आधार पर बंटवारा हुआ और फिर भी मुसलमानों को यहां रहने दिया गया.''
क्या है पूरा मामला
दरअसल, तौकीर रजा ने हाल में एक विवादित बयान दिया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि 21 जुलाई को पांच जोड़ों का इस्लाम में धर्म परिवर्तन करवाने वाले हैं. इसके साथ ही मौलाना ने ऐलान किया था कि उनके पास बड़ी संख्या में हिंदू मजहब के लोग इस्लाम कबूल कराने के लिए आ रहे हैं. इसलिए 5 हिंदू लड़के-लड़कियों का धर्म परिवर्तन करवाकर निकाह पढ़ावाया जाएगा. इसके साथ ही मौलाना ने कहा है कि काम करने के लिए जिला प्रशासन से इजाजत मांगी गई है. इस बयान के बाद बीजेपी नेता भड़क उठे.
गिरिराज सिंह ने दी चेतावनी
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने मौलाना तौकीर रजा को चेतावनी देते हुए कहा, "वे हिंदुओं का इम्तिहान न लें, बहुत जल्दी यह विस्फोट होगा. इसके साथ ही ममता बनर्जी पर गिरिराज सिंह ने तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा, "वह बंगाल को बांग्लादेश और पाकिस्तान बनाने की तैयारी कर रही हैं. ममता बनर्जी को हिंदुओं पर भरोसा नहीं है. अब मुल्क में अगर कोई नया राज्य बनेगा तो वह मुस्लिम प्रदेश बनाया जाएगा."