Gulab Devi on Anuj Chaudhary: संभल के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) अनुज चौधरी ने हाल ही में होली और जुमे की नमाज को लेकर विवादित बयान दिया है. इस बीच योगी सरकार की मंत्री गुलाब देवी संभल सीओ के बयान का समर्थन कर रही हैं.
Trending Photos
)
Gulab Devi on Anuj Chaudhary: हाल में संभल के सीओ अनुज चौधरी ने होली और जुमे की नमाज को लेकर विवादित बयान दिया था. सीओ के इस बयान की चारों तरफ आलोचना हो रही है. इस बीच उत्तर प्रदेश सरकार की माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी ने बड़ा बयान दिया है और अनुज चौधरी के बयान पर सहमति जताई है. शिक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में सब अपनी-अपनी विचारधाराओं की बात रखते हैं.
संभल सीओ ने दिया था विवादित बयान
संभल के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) अनुज चौधरी ने हाल ही में होली और जुमे की नमाज को लेकर कहा था कि होली एक ऐसा त्योहार है जो साल में एक बार आता है, जबकि जुमे की नमाज साल में 52 बार होती है. अगर किसी को होली के रंगों से असहजता महसूस होती है, तो उन्हें उस दिन घर के अंदर ही रहना चाहिए, जो लोग बाहर निकलते हैं, उन्हें व्यापक सोच रखनी चाहिए, क्योंकि त्योहार एक साथ मिलकर मनाए जाने चाहिए.
संभल में बीजेपी जिला कार्यालय में गुलाब देवी ने पत्रकारों द्वारा संभल के सीओ अनुज चौधरी के होली के बयान पर पूछे जाने पर कहा, ''सबकी अपनी-अपनी विचारधारा है और लोकतंत्र में सभी अपनी बात रखते हैं. मैं समझती हूं कि उसमें ऐसी कोई बात नहीं है, जुमा तो साल में कितनी बार आता लेकिन होली साल में एक बार ही आती है.''
यूपी में है राम राज्य- शिक्षा मंत्री
संभल जिले के चंदौसी विधानसभा क्षेत्र (आरक्षित) से विधायक गुलाब देवी ने यह भी कहा कि दोनों पक्षों को अपना त्योहार एक साथ मनाना चाहिए और शांति-व्यवस्था बनाए रखनी चाहिए. गुलाब देवी ने यह भी कहा कि ''देश और प्रदेश में धर्म योगी बैठे हैं (प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ) और यहां राम राज्य है.''
नहीं दिया है कोई गलत बयान- मंत्री
इस अवसर पर संभल के क्षेम नाथ तीर्थ के महंत योगी दीनानाथ ने संवाददाताओं से कहा, "अनुज चौधरी ने कोई गलत बयान नहीं दिया है. उन्होंने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसा कहा है. यह कोई गलत बयान नहीं है." इस बीच, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार रात 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''जिन अधिकारियों को होली और ईद के गले मिलने में एकरूपता देखनी चाहिए अगर वो ही नकारात्मक बात करेंगे तो भेदकारी बीजेपी के राज में सौहार्द की रक्षा कैसे होगी.''