)
Zeeshan Siddiqui on Baba Siddiqui Murder Case: मुंबई के चर्चित बाबा सिद्दीकी हत्याकांड को लेकर उनके बेटे और पूर्व विधायक जिशान सिद्दीकी ने मुंबई पुलिस की जांच पर गंभीर सवाल उठाए हैं. जीशान ने कहा, इस हत्याकांड को हुए एक साल बीत चुका है, लेकिन अब तक मुख्य आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और पुलिस उन्हें पकड़ने में नाकाम रही है.
पूर्व विधायक और कांग्रेस नेता जिशान सिद्दीकी मुंबई पुलिस खुद मानती है कि शुभम लोंकर, यासीन अख्तर और अनमोल बिश्नोई जैसे लोग इस अपराध के पीछे हैं. इसके बावजूद पुलिस अब तक उन्हें पकड़ नहीं पाई है. उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर क्यों इन लोगों पर शिकंजा नहीं कसा जा रहा और वे खुलेआम सांस ले रहे हैं?
पुलिस पर जिशान का संगीन इल्जाम
जिशान का इल्जाम है कि जब वे जांच को लेकर सवाल पूछते हैं, तो पुलिस उन्हें टाल देती है. उन्होंने कहा, “मुझसे कहा गया कि आप पीड़ित के बेटे हैं, इसलिए आपको जानकारी नहीं दी जा सकती. मैं हैरान हूं कि क्या मैं जाकर इन आरोपियों को बता दूंगा कि पुलिस उन्हें पकड़ने वाली है? यह बेहद चौंकाने वाला और हास्यास्पद जवाब है.”
'अधिकारी मुस्कुराते रहे'
उन्होंने यह भी इल्जाम लगाया कि पुलिस ने उनके पिता के हत्याकांड की जांच का मजाक बना दिया है. एक बैठक का जिक्र करते हुए जिशान ने कहा कि जिस डीसीपी से मिलने का समय मिला था, उन्होंने उन्हें और उनके वकीलों की टीम को एक घंटे तक बैठाए रखा और खुद देर से पहुंचे. बैठक में मेरे गंभीर सवालों पर वह मुस्कुराते रहे. अगर मेरे साथ यह व्यवहार हो रहा है, तो आम आदमी के साथ कैसा व्यवहार होता होगा, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल नहीं है.”
सीएम और डिप्टी सीएम से मिल चुका है जिशान का परिवार
इसके साथ ही जिशान ने दावा किया है कि उनका परिवार मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री अजीत पवार से मिल चुका है और इस मामले पर उनसे चर्चा भी कर चुके हैं लेकिन एक पीड़ित के बेटे के नाते उन्हें जिस तरह की प्रतिक्रिया मुंबई पुलिस की तरफ से मिली. उससे वह निराश हैं. जिशान का कहना है कि परिवार अब यह तय करेगा कि आगे इस केस में किस दिशा में ले जाना है.