)
Agra Viral Video: अयोध्या के राम मंदिर में ध्वजारोहण हो गया है. इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रामभक्तों को खिताब करते हुए कहा, "आज पूरा भारत, पूरी दुनिया राममय है. सदियों के घाव भर रहे हैं. सदियों की वेदना आज विराम पा रही है. सदियों का संकल्प आज सिद्धि को प्राप्त हो रहा है. आज उस यज्ञ की पूर्णावती है, जिसकी अग्नि 500 वर्ष तक प्रज्ज्वलित रही. जो यज्ञ एक पल भी आस्था से डिगा नहीं, एक पल भी विश्वास से टूटा नहीं."
जब प्रधानमंत्री ऐसा कह रहे थे तभी आगरा में कुछ उत्पाती किस्म के नौजवान एक बुजुर्ग मुस्लिम कैब चालक से जबरन ' जय श्रीराम' के नारे लगवा रहे थे. उन्हें नारे लगाने के लिए मजबूर कर रहे थे. इनकार करने पर तीन दिनों के अंदर नारे लगाने की धमकी दे रहे थे. नौजवान ने धमकाते हुए कहा, बस इंतज़ार करो, दो-तीन दिन में तुम खुद जय श्री राम कहोगे.
ये वीडियो आगरा के ताजमहल पार्किंग एरिया का बताया जा रहा है. इसमें रोहित धर्मेंद्र प्रताप सिंह नाम का शख्स मुस्लिम बुज़ुर्ग चालक से "जय श्री राम" बोलने के लिए फोर्स कर रहा है. बदतमीजी से पेश आ रहा है. जब बुज़ुर्ग ने मना किया, तो उसे कथित तौर पर धमकाया गया. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो रिकॉर्ड करके इंस्टाग्राम पर "ये हैं असली आतंकवादी" कैप्शन के साथ शेयर किया गया.
लोकेशन : आगरा , उत्तरप्रदेश
जय श्री राम नहीं बोलोगे तू देख दो तीन दिन में जय श्री राम बोलेगा खुद ।
मुस्लिम बुजुर्ग को ताजमहल पार्किंग क्षेत्र में रोहित धर्मेंद्र प्रताप सिंह नामी व्यक्ति ने कथित रूप से जय श्री राम बोलने को कहा जब बुजुर्ग ने मना किया तो उसे कथित रूप से धमकाया… pic.twitter.com/pkOk5Lo1VJ
— The Muslim (@TheMuslim786) November 25, 2025
ये पोस्ट सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही है. लोग इसपर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. ऐसा बोलने वालों को लानत- मलामत भेज रहे हैं. पोस्ट के वायरल होने के बाद आगरा पुलिस ने भी इसे संज्ञान में लिया है. पुलिस ने कहा है कि ताजगंज थाने के SHO को इस मामले की जांच करने के लिए कहा गया है. इसके साथ ही साइबर सेल को भी इस विडियो की जांच का जिम्मा सौंपा गया है.
भले ही ऐसा करने वाला शख्स पकड़ा जाए.. उसे सजा हो या वो छूट जाए.. लेकिन जो भय और आविश्वास की खाई पैदा हो रही है या की जा रही है, वो कैसे भरेगी इसका जवाब कौन देगा ?
क्या रामराज्य में यही सब होगा ? मुसलमानों से जबरन जयश्री राम के ऐसे ही नारे लगवाए जाएंगे? उन्हें खुलेआम धमकाया जाएगा? उनसे से बदतमीजी की जायेगी? क्या देश में रहने वाला हर दाढ़ी- टोपी वाला मुसलमान आतंकवादी है? हुकूमत को ये जवाब देना होगा? ऐसे लोगों से सरकार कैसे निपटेगी उसे बताना होगा? ऐसा करने वाले एक बार खुद से पूछें कि क्या यही है राम का आदर्श और चरित्र जो उनके भक्त धारण कर रहे हैं ?
मुस्लिम माइनॉरिटी की खबरों के लिए विजिट करें https://zeenews.india.com/hindi/zeesalaam