उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में नगर निगम और जिला प्रशासन ने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है.
दरअसल, अलीगढ़ नगर निगम ने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) के कब्ज़े से करीब 41,050 वर्ग मीटर ज़मीन खाली कराई है.
ये ज़मीन नगला पटवारी भमोला इलाके में थी और इसकी कीमत करीब 100 करोड़ रुपए बताई जा रही है.
प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में जमीन को खाली करवा कर उस पर नगर निगम का स्वामित्व बोर्ड लगा दिया गया है.
कार्रवाई में नगर आयुक्त विनोद कुमार, सहायक नगर आयुक्त वीर सिंह, और उपजिलाधिकारी दिग्विजय सिंह मौके पर मौजूद रहे.
अधिकारियों के मुताबिक ये ज़मीन नगर निगम की थी, जिस पर AMU ने कब्ज़ा कर रखा था.
नगर आयुक्त विनोद कुमार ने कहा, “सरकारी ज़मीनों पर कब्ज़ा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी. AMU ने और भी ज़मीनों पर कब्ज़ा किया है, उनकी भी जांच कराई जाएगी.”
इस मामले पर AMU प्रशासन की तरफ से कोई बयान नहीं आया है. वहीं, मुस्लिम धर्मगुरु इफराहीम हुसैन ने कहा, “इस्लाम में किसी की भी ज़मीन कब्ज़ा करना हराम है. AMU अपनी ताकत का गलत इस्तेमाल कर रहा है.”