)
मंदसौर: आप अपने दफ्तर के बाहर जा रहे हो और कोई आपसे कहे कि क्या आप 26 जनवरी को जानते हैं? आपका थोड़े असहज हो जाएगा और कहेंगे यह कैसा सवाल हुआ. 26 जनवरी मतलब गणतंत्र दिवस उसे तो देश का बच्चा-बच्चा जानता है. लेकिन हम यहां 26 जनवरी के राष्ट्रीय त्योहार नहीं, बल्कि एक व्यक्ति की बात कर रहे हैं, जिनका नाम 26 जनवरी टेलर है.
26 जनवरी को हुआ जन्म तो पिता ने रखा नाम
बात मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले की है. जहां जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) में काम करने वाले कर्मचारियों में से एक कर्मचारी का नाम 26 जनवरी टेलर है. दरअसल, इस अनूठे नाम वाले कर्मचारी का जन्म 26 जनवरी,1966 को हुआ था. इस बात से खुश उनके देशभक्त शिक्षक पिता ने अपने बेटे नाम ही 26 जनवरी रख दिया.
लोग उड़ाते थे मजाक
इस गणतंत्र दिवस अपना 55वां जन्मदिन मनाने वाले 26 जनवरी कहते हैं कि उनके इस नाम के कारण अक्सर उनका मजाक बनाया जाता. जिससे उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना भी करना पड़ता था. उनसे जुड़े सभी सरकारी दस्तावेजों में उनका नाम 26 जनवरी ही लिखा हुआ है. इस नाम के कारण उन्हें बैंक में खाता खुलवाने में काफी परेशानी आई, लेकिन उन्होंने अपने पिता द्वारा दिए गए नाम का पूरा सम्मान किया और इसी नाम के साथ अपना जीवन जारी रखा.
अपने व्यवहार से बनाई अलग पहचान
नाम के कारण शुरुआती दौर में आई परेशानियों से लड़ते हुए उन्होंने अपने काम करने के तरीके से अलग पहचान बनाई. धीरे-धीरे लोग उनके काम और व्यवहार को पसंद करने लगे और अब पूरे ऑफिस स्टाफ में 26 जनवरी गर्व के विषय हो गए हैं.
झंडा फहराने के बाद ही मनाते है जन्मदिन
मंदसौर डाइट के प्रभारी प्राचार्य प्रदीप पंजाबी बताते हैं कि 26 जनवरी के माता-पिता की देशभक्ति के जज्बे का वह सम्मान करते हैं, जिन्होंने अपने बेटे का नाम गणतंत्र दिवस के नाम पर रखा. उनके नाम को देखकर कई बार जिला कलेक्टर भी उनसे मिलने की इच्छा जता चुके हैं. गणतंत्र दिवस के अवसर पर हर साल पूरा स्टाफ पहले झंडा फहराता है और फिर उसी उत्साह और हर्षोल्लास के साथ उनका जन्मदिन भी मनाया जाता है. इस बार भी इसी तरह उनका 55वां जन्मदिवस मनाया जाएगा.
WATCH LIVE TV