)
Moscow Shooting: रूस की राजधानी मॉस्को में शुक्रवार को कई बंदूकधारियों ने एक बड़े समारोह स्थल पर लोगों पर ऑटो हथियारों से अंधाधुंध गोलीबारी की. इसके नतीजे में 60 लोगों की मौत हो गई और 145 से ज्यादा लोग जख्मी हो गए. यह जानकारी क्रेमलिन ने दी. इस हमले के एक आतंकवादी हमला होने की आशंका जताई जा रही है. हमले के दौरान समारोह स्थल की इमारत में आग लग गई.
हाल ही में चुनाव जीते पुतिन
कुछ दिन पहले ही देश में हुए चुनाव में जीत हासिल कर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सत्ता पर अपनी पकड़ को और मजबूत किया था. इस हमले की जिम्मेदारी अब तक किसी भी संगठन ने नहीं ली है. इसे रूस में पिछले दो दशक में हुआ सबसे भीषण आतंकी हमला माना जा रहा है. मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने हमले को "बहुत बड़ी त्रासदी" बताया. रूस की सबसे बड़ी जांच एजेंसी गोलीबारी और विस्फोट की इस घटना को आतंकवादी हमला मानकर इसकी जांच कर रही है.
एजेंसी ने किए दावे
रूस की सबसे बड़ी घरेलू सुरक्षा एजेंसी, संघीय सुरक्षा सेवा ने कहा कि गोलीबारी की इस घटना में लोगों की मौत हुई है और कुछ अन्य लोग घायल हुए हैं. एजेंसी ने मरने वालों और घायलों की कोई तादाद नहीं बताई. रूस के मीडिया संस्थानों में आई खबरों के मुताबिक रूसी राजधानी के पश्चिमी इलाके में मौजूद क्रोकस सिटी हॉल में गोलीबारी हुई. कई दूसरे रूसी मीडिया संस्थानों ने गोलीबारी की खबर दी और कहा कि गोलीबारी की वजह से संबंधित स्थल पर मौजूद एक मॉल में आग लग गई.
संगीत प्रोग्राम में पहुंचे लोग
सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो में इमारत के ऊपर काले धुएं का बड़ा गुबार उठता दिख रहा है. यह हमला तब हुआ जब क्रोकस सिटी हॉल में मशहूर रूसी रॉक बैंड 'पिकनिक' के एक संगीत प्रोग्राम में शामिल होने के लिए लोगों की भीड़ जमा थी. इस हॉल में 6,000 से ज्यादा लोग बैठ सकते हैं.