)
नई दिल्लीः अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइलों के साथ-साथ उत्तरी और प्रशांत बेड़े के जहाजों से लैस रूस की ग्राउंड यूनिट्स को हाई कॉम्बैट अलर्ट पर रखा गया है. आरटी की रिपोर्ट में बताया गया है कि रूसी रक्षा मंत्रालय ने सोमवार को इसकी पुष्टि की है. आरटी ने बताया कि रूसी नौसेना में परमाणु मिसाइलों से लैस पनडुब्बियां शामिल हैं.मंत्रालय ने कहा कि यह कदम इतवार को राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा जारी आदेश के मुताबिक उठाया गया है. पुतिन ने रूस के खिलाफ ’नाजायज प्रतिबंध’ और पश्चिमी अधिकारियों द्वारा ’आक्रामक बयान’ का उल्लेख किया है.
रूस पर व्यापक प्रतिबंध लगाए गए
यूक्रेन में अपने सैन्य अभियान के जवाब में अमेरिका, ब्रिटेन और यूरोपीय संघ के सदस्य देशों सहित कई देशों ने रूस पर व्यापक प्रतिबंध लगाए हैं. आरटी ने बताया कि इससे पहले, पुतिन ने इतवार को देश के परमाणु निवारक बलों को ’विशेष’ अलर्ट पर रखा था. इस कदम की घोषणा रूस के रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु और चीफ ऑफ स्टाफ वालेरी गेरासिमोव के साथ पुतिन की बैठक के दौरान की गई.
पुतिन ने बताया नाजायज प्रतिबंध
पुतिन ने कहा है कि पश्चिमी देश केवल आर्थिक क्षेत्र में हमारे देश के खिलाफ अमित्र कार्रवाई ही नहीं कर रहे हैं. मैं उन नाजायज प्रतिबंधों के बारे में बोल रहा हूं जिनके बारे में सभी अच्छी तरह जानते हैं. हालांकि, प्रमुख नाटो देशों के शीर्ष अधिकारी भी हमारे देश के खिलाफ आक्रामक बयान देते हैं. रूस के राष्ट्रपति ने बताया कि यह कदम नाटो के शीर्ष अधिकारियों द्वारा ’शत्रुतापूर्ण बयानबाजी’ के जवाब में आया है.
परमाणु बलों को हाई अलर्ट पर रखा जाना रोंगटे खड़े कर देने वाला घटनाक्रमः संरा प्रमुख
उधर, संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने सोमवार को कहा कि रूसी परमाणु बलों को हाई अलर्ट पर रखा जाना रोंगटे खड़े कर देने वाला घटनाक्रम है और परमाणु युद्ध की कल्पना मात्र भी नहीं की जा सकती. उन्होंने उम्मीद जताई कि यूक्रेन और रूस के बीच वार्ता का सार्थक परिणाम लड़ाई रोकने के रूप में आएगा. गुतारेस ने यूक्रेन पर संयुक्त राष्ट्र महासभा के एक आपात एवं विशेष सत्र में कहा, ‘‘यूक्रेन में लड़ाई अवश्य रूकनी चाहिए. गुतारेस ने कहा, ‘‘हम यू्क्रेन के लिए त्रासदी का सामना कर रहे हैं.
परमाणु युद्ध की कल्पना भी नहीं की जा सकती
एंतोनियो गुतारेस ने कहा, ‘‘परमाणु युद्ध की कल्पना भी नहीं की जा सकती. परमाणु आयुध के इस्तेमाल को किसी तरह उचित नहीं ठहराया जा सकता.’’ गुतारेस ने कहा कि बढ़ती हिंसा से बच्चों सहित आम आदमी की हो रही मौतें बिल्कुल ही अस्वीकार्य हैं. बस अब बहुत हो गया. सैनिकों को बैरक में लौटने की जरूरत है. नेताओं को शांति कायम करने की जरूरत है. आम आदमी की अवश्य रक्षा की जाए.’’
यूक्रेन की संप्रभुता, स्वतंत्रता का सम्मान हो
गुतारेस ने कहा कि यूक्रेन की संप्रभुता, स्वतंत्रता और क्षेत्रीय अखंडता का अवश्य सम्मान किया जाए. उन्होंने कहा, ‘‘यूक्रेन पर हमले ने अंतराष्ट्रीय कानून और संरा चार्टर में जड़ें जमाई बहुपक्षीय प्रणाली के समक्ष चुनौती पेश की है. क्षेत्रीय तनाव बढ़ रहे हैं.’’ उन्होंने यह चिंता भी जताई कि विश्व दशकों में यूरोप की सबसे बड़ी मानवीय और शरणार्थी संकट का सामना कर रहा है. उन्होंने अमीन अवाद को यूक्रेन के लिए संयुक्त राष्ट्र समन्वय भी नियुक्त किया है.
Zee Salaam Live Tv