)
नई दिल्लीः हिंदी फिल्मों के गीतों के बोल गुनगुनाते हुए (लिप-सिंकिंग) वीडियो बनाने के लिए मशहूर, तंजानिया के सोशल मीडिया स्टार किली पॉल (Kili Paul) को तंजानिया (Tanzania) में भारतीय उच्चायोग ने सम्मानित किया. तंजानिया में भारतीय उच्चायुक्त, बिनाया प्रधान ने सोमवार को ट्विटर पर पॉल के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए यह जानकारी दी. तस्वीर में प्रधान भारतीय दूतावास कार्यालय (High Commission of India) में पॉल को सम्मानित करते नजर आ रहे हैं.
पॉल ने भारतीय उच्चायोग का शुक्रिया अदा किया
प्रधान ने ट्वीट किया, ‘‘आज, तंजानिया भारतीय उच्चायोग में एक खास मेहमान किली पॉल आए, जिन्होंने भारतीय फिल्मों के मशहूर गीतों पर अपने वीडियो से लाखों भारतीयों के दिल जीत लिए हैं...।’’ पॉल ने भी सोशल मीडिया मंच इंस्टाग्राम पर भारतीय उच्चायोग का शुक्रिया अदा किया. उन्होंने लिखा, ‘‘ भारतीय उच्चायोग, आपका बहुत-बहुत शुक्रिया.’’
इस वजह से बेहद लोकप्रिय हैं पाॅल
फिल्म ‘शेरशाह’ के गीत ‘रातां लंबिया’ के बोल गुनगुनाते हुए पॉल का एक वीडियो पिछले साल सुर्खियों में था. इस वीडियो में वह अपनी बहन नीना पॉल के साथ नजर आए. उसके बाद से ही पॉल इंस्टाग्राम पर खासे लोकप्रिय हो गए और इस सोशल मीडिया मंच पर उनके करीब 22 लाख प्रशंसक हैं. आयुष्मान खुराना, गुल पनाग और ऋचा चड्ढा सहित कई लोकप्रिय भारतीय फिल्मी हस्तियों का नाम उनके प्रशंसकों की सूची में शुमार है.
Zee Salaam Live Tv