)
ब्रसेल्स: साउथ अफ्रीका में मिले कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ने नई मुसीबत खड़ी कर दी है. साउथ अफ्रीका (Corona Virus South Africa Variant) के बाद कुछ और देशों में इस वायरस के मरीज मिले हैं. कोरोना के इस नए वैरिएंट को ओमीक्रॉन (Omicron) नाम दिया गया है.
वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन की एक सलाहकार समिति ने दक्षिण अफ्रीका में पहली बार सामने आए कोरोना वायरस के नए प्रकार को 'बेहद तेजी से फैलने वाला चिंताजनक प्रकार' करार दिया है और ग्रीक वर्णमाला के तहत इसे 'ओमीक्रॉन' (Omicron) नाम दिया है.
संयुक्त राष्ट्र की स्वास्थ्य एजेंसी द्वारा शुक्रवार को की गई यह घोषणा पिछले कुछ महीनो में वायरस के नए प्रकार के वर्गीकरण में पहली बार की गई है. इसी वर्ग में कोरोना वायरस के डेल्टा प्रकार को भी रखा गया था जिसका प्रसार दुनियाभर में हुआ था.
गौरतलब है कि कई दिनों बाद ऐसा हुआ है कि कोरोना वायरस के इस नए वैरिएंट ने लोगों को फिर से डरा दिया है. दुनिया के कई देशों ने इसे लेकर बेहद सतर्कता बरतनी जारी कर दी है. भारत भी इसे लेकर अलर्ट है. और गाइडलाइन जारी कर चुका है.
कई देशों ने लगाया ट्रैवल बैन
दक्षिण अफ्रीका में मिले कोरोना के नए वेरिएंट को लेकर पूरी दुनिया में हलचल और अफरा-तफरी का माहौल है. इसके मद्देनज़र कुछ देशों ने दक्षिण अफ्रीका से यात्रियों की आवाजाही पर रोक लगा दी है. अमेरिका ने कोविड-19 के वैरिएंट के चलते दक्षिण अफ्रीका और सात दूसरे अफ्रीकी देशों के गैर-अमेरिकी नागरिकों के सफर पर सोमवार से पाबंदी लगाने का ऐलान किया है.
इसके अलावा कनाडा ने भी ऐलान किया है की कि उसने उन विदेशी यात्रियों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है जिन्होंने पिछले 14 दिन में अफ्रीका के दक्षिणी भाग की यात्रा की है. सरकार के मंत्रियों ने यह भी कहा कि पिछले 14 दिन में अफ्रीका के दक्षिणी भाग की यात्रा करने वाले सभी कनाडाई नागरिकों की जांच भी जरूरी होगी. पिछले 14 दिन में कनाडा आने वाले लोगों को भी पृथक-वास में रहने और कोविड संक्रमण की जांच कराने को कहा गया है.
(इनपुट- भाषा)
Zee salaam Live TV: