)
कीवः यूक्रेन के सैनिकों के पास हथियारों की संख्या भले ही कम हो, लेकिन दृढ इरादों से लबरेज इन सैनिकों ने, फिलहाल, राजधानी कीव और अन्य प्रमुख शहरों में रूसी सैनिकों की रफ्तार थाम ली है. यूक्रेनी सैनिकों से मिल रहे कड़े प्रतिरोध और विनाशकारी प्रतिबंधों से तिलमिलाए रूसी राष्ट्रपति व्लीदिमीर पुतिन ने रूस के परमाणु बलों को हाईअलर्ट पर रहने का आदेश दिया है. इसके साथ ही इस युद्ध के नई ऊंचाई तक पहुंचने की आशंका प्रबल हो गई है.
बातचीत के लिए पहुंचे हैं दोनों देशों के प्रतिनिधि
पिछले सप्ताह शुरू हुए रूसी हमले के बाद से विस्फोटों और बंदूकों की तड़तड़ाहट से दहल उठी राजधानी कीव में इतवार की रात को हमले की रफ्तार कुछ कम प्रतीत हुई, क्योंकि दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडल सोमवार को यूक्रेन से लगती सीमा वाले देश बेलारुस में मिलने की तैयारी कर रहे हैं. यूक्रेन और रूस के प्रतिनिधि बातचीत के लिए बेलारूस की सीमा पर पहुंच गए हैं. हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि बातचीत का क्या परिणाम होगा?
आश्रय की तलाश कर रहे हैं यूक्रेन के लोग
यूक्रेन के डरे हुए लोग तहखानों और कॉरीडोर में आश्रय की तलाश कर रहे हैं. मृतकों की सही संख्या का पता नहीं चला है, लेकिन यूक्रेन के राष्ट्रपति ने कहा है कि कम से कम 16 बच्चे मारे गए हैं और 45 घायल हुए हैं. लाखों लोग अपना घर-बार छोड़कर या देश छोड़कर भाग चुके हैं. मारियुपोल में एलेक्जेंड्रा मिखाइलोवा नामक महिला ने कहा, ‘‘मैं प्रार्थना करती हूं कि बातचीत सफलतापूर्वक सम्पन्न हो, ताकि वे किसी करार पर पहुंचें और मानवबध को समाप्त करें.
बेलारुस रूस को मदद के लिए अपनी सेना भेजेगा
अमेरिका के एक वरिष्ठ खुफिया अधिकारी ने बताया कि इस बीच पड़ोसी देश बेलारुस सोमवार तक रूस को मदद के लिए अपनी सेना भेज सकता है. संबंधित अधिकारी इस मामले में सीधे तौर पर जानकारी रखते हैं. उधर ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि रूसी सैनिक कीव से 30 किलोमीटर उत्तर में हैं, लेकिन यूक्रेन की सैनिक ने उनकी रफ्तार धीमी कर दी है. प
रूसी अर्थव्यवस्था की कमर तोड़ने की योजना
पश्चिमी देशों ने यूक्रेन पर हमले के जवाब में रूस के खिलाफ अनेक प्रकार के प्रतिबंध लगाकर रूसी अर्थव्यवस्था की कमर तोड़ने की योजना बनाई है. इन प्रतिबंधों के अलावा अमेरिका और जर्मनी ने घोषणा की कि वे अन्य सैन्य आपूर्तियों के अलावा स्टिंजर मिसाइल भेजेंगे. आशा की एक हल्की किरण दिखाई दे रही है, क्योंकि यूक्रेन का प्रतिनिधिमंडल रूसी अधिकारियों से बातचीत के लिए बेलारुस की सीमा पर पहुंचा है. यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के कार्यालय ने कहा कि वह तत्काल संघर्ष-विराम की मांग करेगा.
पुतिन का बयान ‘गैर जिम्मेदाराना’ है
स्पेन के विदेश मंत्री ने कहा कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का देश के परमाणु बलों को हाई अलर्ट पर रखने का आदेश पुतिन की पूर्ण तर्कहीनता का एक और संकेत है. जोस मैनुएल अल्बेर्स ने सोमवार स्पेन के राष्ट्रीय रेडियो से कहा कि वह उम्मीद करते हैं कि यह सिर्फ शब्द हों लेकिन इस धमकी का इस्तेमाल करना दिखता है कि पुतिन की तर्कहीनता अकल्पनीय स्तर तक पहुंच गई है. यूरोपीय संघ (ईयू) के विदेश नीति प्रमुख जे बोरोल ने एक निजी रेडियो स्टेशन से कहा कि पुतिन का निर्देश ‘गैर जिम्मेदाराना’ है. यह चिंताजनक है.
यूक्रेन के शरणार्थियों का स्वागत
युद्धग्रस्त यूक्रेन से भाग रहे शरणार्थियों को ट्रेने पोलैंड तथा अन्य देश लेकर पहुंच रही हैं. पौलेंड के सीमा गार्ड ने कहा कि बृहस्पतिवार से अबतक यूक्रेन से करीब 2.13 लाख से लोग पोलैंड में प्रवेश कर चुके हैं.
न्यूयॉर्क की गवर्नर कैथी होचुल ने रूस में निवेश सहित उसके साथ कारोबार पर प्रतिबंध लगाने वाले एक शासकीय आदेश पर हस्ताक्षर किया है. होचुल ने कहा कि रूसी हमले के कारण यूक्रेन से भागकर यहां आने वाले शरणार्थियों का न्यूयॉर्क स्वागत करेगा, क्योंकि अमेरिका में रहने वाले यूक्रेनवासियों में सबसे अधिक उनके प्रांत में रहते हैं. अमेरिका में रहने वाले 10 लाख से अधिक लोग ऐसे हैं जिनकी जड़ें यूक्रेन से जुड़ी हुई हैं और इनमें से एक लाख 40 हजार लोग न्यूयॉर्क में रहते हैं.
Zee Salaam Live Tv