President Murmu Jharkhand Visit: बुधवार को झारखंड आएंगी राष्ट्रपति मुर्मू, सेंट्रल यूनिवर्सिटी के कार्यक्रम में करेंगी शिरकत, सुरक्षा सख्त
Advertisement
trendingNow0/india/bihar-jharkhand/bihar2130493

President Murmu Jharkhand Visit: बुधवार को झारखंड आएंगी राष्ट्रपति मुर्मू, सेंट्रल यूनिवर्सिटी के कार्यक्रम में करेंगी शिरकत, सुरक्षा सख्त

President Murmu Jharkhand Visit: राष्ट्रपति मुर्मू की सुरक्षा को लेकर काफी कड़े इंतजाम किए गए हैं. राष्ट्रपति द्वारा इस्तेमाल किये जाने वाले रूट लाइन पर नो फ्लाई जोन घोषित कर दिया गया है. इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं. 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु

President Murmu Jharkhand Visit: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु कल यानी बुधवार (28 फरवरी) को झारखंड की राजधानी रांची आने वाली हैं. वह सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी. राष्ट्रपति मुर्मू के साथ झारखंड के राज्यपाल और मुख्यमंत्री चंपई सोरेन समेत अन्य दिग्गज लोग भी मौजूद रहेंगे. जानकारी के मुताबिक, राष्ट्रपति मुर्मू सुबह 11 बजे रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से सड़क मार्ग से होकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी जाएंगी. कार्यक्रम की समाप्ति के बाद वे वापस रांची एयरपोर्ट आएंगी. फिर एयरपोर्ट से ओडिशा के लिए रवाना हो जाएंगी. 

राष्ट्रपति मुर्मू की सुरक्षा को लेकर काफी कड़े इंतजाम किए गए हैं. राष्ट्रपति द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले रूट लाइन पर नो फ्लाई जोन घोषित कर दिया गया है. इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं. इस आदेश के बाद अब इस क्षेत्र में कोई भी व्यक्ति अपने निजी कार्य के लिए किसी भी प्रकार की हवाई वस्तु का उपयोग नहीं करेगा. जानकारी के मुताबिक, राष्ट्रपति मुर्मू की सुरक्षा में दो हजार जवानों को लगाया गया है. 7 आइएएस पदाधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी. इतना ही नहीं राष्ट्रपति की सुरक्षा को लेकर पुलिस मुख्यालय ने चार एसपी मो. अर्शी, शंभु सिंह, विजय आशीष कुजूर व एक अन्य के अलावा 25 डीएसपी और 1200 फोर्स की तैनाती की है.

ये भी पढ़ें- Ranchi: गीता कोड़ा के BJP में जाने पर CM चंपई सोरेन बोले- अब कोल्हान और मजबूत होगा

यही नहीं पूरे शहर में सुरक्षा व ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए 7 रूट मैप तैयार किए गए हैं, जिसके अनुसार ही शहर में वाहनों का परिचालन होगा. राष्ट्रपति की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मियों को साफ निर्देश दिए गए हैं कि अगर कोई इस नियम का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई करें. वहीं नो फ्लाइंग जोन को लेकर जिला प्रशासन की ओर से जारी आदेश में लिखा है कि माननीय राष्ट्रपति के रांची आगमन की सुरक्षा के मद्देनजर बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से सेंट्रल यूनिवर्सिटी मनातू के आसपास ड्रोन, पैराग्लाइडिंग और हॉट एयर बैलून जैसी गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. 

Trending news