भाजपा के करीब 50 सांसद लखनऊ में 24 घंटे के धरने पर
Advertisement

भाजपा के करीब 50 सांसद लखनऊ में 24 घंटे के धरने पर

उत्तर प्रदेश में कथित रूप से बिगड़ती कानून व्यवस्था, बिजली की कीमतों बढ़ोत्तरी तथा अखिलेश सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आज सूबे से भाजपा के लगभग 50 सांसद विधान भवन के सामने 24 घंटे के धरने पर बैठ गये।

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में कथित रूप से बिगड़ती कानून व्यवस्था, बिजली की कीमतों बढ़ोत्तरी तथा अखिलेश सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आज सूबे से भाजपा के लगभग 50 सांसद विधान भवन के सामने 24 घंटे के धरने पर बैठ गये।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा, बिगड़ती कानून व्यवस्था एवं सपा सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ आज प्रदेश से चुने गये 46 सांसद विधान भवन पर धरने पर बैठ गये। वाजपेयी ने बताया कि धरना कल तक चलेगा और आगे की रणनीति कल तय की जायेगी।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश की 80 में से 71 लोकसभा सीटे भाजपा के कब्जे में है। इनमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा गृह मंत्री राजनाथ सिंह समेत 14 सांसद केंद्र सरकार में मंत्री हैं। उन्होंने कहा कि अखिलेश सरकार भाजपा सांसदों की अनदेखी कर रही है और अधिकारी उनके द्वारा उठाये गये जनहित के मुद्दों पर ध्यान नहीं दे रहे।

धरने को संबोधित करते हुए वाजपेयी ने कहा कि अखिलेश सरकार के सत्तारूढ़ होने के बाद से कानून एवं व्यवस्था की स्थिति लगातार खराब हुई है और महिला उत्पीड़न, लूट, हत्या और बलात्कार जैसी घटनाएं रोज की बात हो गयी हैं। वाजपेयी ने बताया कि भाजपा कार्यकर्ता 24 जून से ही प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ विकास खण्ड स्तर से लेकर जिला स्तर तक विरोध प्रदर्शन कर चुके है और आज पार्टी के सांसदों का यह धरना उसी का अंग है।

उन्होंने कहा कि प्रदर्शन का दूसरा और तीसरा चरण भी चलेगा, मगर अभी उनकी रूपरेखा तय नहीं की गयी है। सांसदों के साथ धरने पर पार्टी के कई विधायक और पदाधिकारी पर बैठे है। धरना कल तक जारी रहेगा।

 

Trending news