बिहार चुनाव में भाजपा की अगुवाई वाले राजग गठबंधन को 147 सीटें मिलने का अनुमान : सर्वे
Advertisement
trendingNow0/india/bihar-jharkhand/bihar272179

बिहार चुनाव में भाजपा की अगुवाई वाले राजग गठबंधन को 147 सीटें मिलने का अनुमान : सर्वे

बिहार विधानसभा चुनावों में भाजपा के नेतृत्व वाले राजग गठबंधन को 147 सीटें हासिल होंगी जबकि महागठबंधन को 64 सीटें मिल सकती हैं। एक ताजा सर्वे में यह बात सामने आई है।  

बिहार चुनाव में भाजपा की अगुवाई वाले राजग गठबंधन को 147 सीटें मिलने का अनुमान : सर्वे

पटना :  बिहार विधानसभा चुनावों में भाजपा के नेतृत्व वाले राजग गठबंधन को 147 सीटें हासिल होंगी जबकि महागठबंधन को 64 सीटें मिल सकती हैं। एक ताजा सर्वे में यह बात सामने आई है।  

ज़ी मीडिया समूह के ताजा सर्वे के मुताबिक बिहार के 53.8 प्रतिशत लोगों का मानना है कि राज्य में अगली सरकार राजग की बनेगी जबकि 40.2 फीसदी लोगों की राय है कि राज्य में महागठबंधन सरकार बनाएगा।

राजग में जीतन राम मांझी की हम, राम विलास पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (आरएलएसपी) शामिल हैं। जबकि महागठबंधन में राष्ट्रीय जनता दल (राजद), जनता दल (यूनाइटेड), कांग्रेस और जनता दल (सेक्यूलर) पार्टियां हैं।

नक्सल प्रभावित इलाकों में 54.6 फीसदी लोगों ने कहा कि चुनावों में राजग की जीत होगी और 39.7 फीसदी लोगों का मानना है कि अगली सरकार महागठबंधन की बनेगी। राजनीतिक रूप से प्रभावी यादव समुदाय में से 43.7 प्रतिशत लोगों का मानना है कि राज्य में राजग की सरकार बनेगी जबकि यादव समाज के 50.2 प्रतिशत लोग मानते हैं कि महागठबंधन राज्य में अगली सरकार बनाएगा।

सर्वे में महिलाओं की भी राय ली गई है। 58.1 प्रतिशत महिलाओं का मानना है कि भाजपा की अगुवाई वाला राजग गठबंधन सत्ता में आएगा जबकि 35.2 फीसदी महिलाओं ने महागठबंधन की सरकार बनने की बात कही है। सर्वें जाति एवं धर्म के आधार पर भी किया गया। 35.9 फीसदी मुस्लिमों ने राजग को पसंद किया है जबकि 57.9 फीसदी मुस्लिम महागठबंधन की सरकार बनाने के पक्ष में हैं। वहीं हिंदुओं में 57.4 फीसदी लोगों ने राजग को पसंद किया जबकि 36.6 हिंदू महागठबंधन की सरकार देखना चाहते हैं।

यह सर्वे 29 से 30 सितंबर 2015 के दौरान किया गया।

गौरतलब है कि विधानसभा की 243 सीटों के लिए पांच चरणों का मतदान 12, 16, 28 अक्टूबर, एक नवंबर और पांच नवंबर को होगा। जबकि मतगणना 08 नवंबर को होगी।