छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में बस पुल से नीचे गिरी, मृतकों की संख्या 16 हुयी
Advertisement

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में बस पुल से नीचे गिरी, मृतकों की संख्या 16 हुयी

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में बुधवार देर रात एक यात्री बस पुल से नीचे गिर गई इस हादसेे में मृतकों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है।

 

 

फाइल फोटो

रायपुर: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में बुधवार देर रात एक यात्री बस पुल से नीचे गिर गई इस हादसेे में मृतकों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है।

मृतकों में एक महिला भी शामिल है। बलरामपुर जिले के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बीती रात जिले के बलरामपुर थाना क्षेत्र के दलधोवा घाट के करीब यात्री बस सूखा नाले पर बने पुल से नीचे गिर गई थी। इस घटना में 13 यात्रियों की मौत हो गई थी और 53 अन्य घायल हो गए थे।

घायलों में से तीन अन्य यात्रियों ने इलाज के दौरान गुरुवार तड़के अंबिकापुर जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल 13 यात्रियों को रायपुर भेज दिया गया है। घटना में बस चालक की भी मौत हो गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एक निजी यात्री बस पड़ोसी राज्य झारखंड के गढ़वा से राजधानी रायपुर के लिए रवाना हुई थी।

बस जब बलरामपुर जिला मुख्यालय से निकल कर रायपुर की ओर आ रही थी तब दलधोवा घाट के करीब बस के सामने एक मोटरसाइकिल सवार आ गया। मोटरसाइकिल सवार को बचाने की कोशिश में बस चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस पुल से नीचे गिर गई।घायलों ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि पुल से गिरने के दौरान बस करीब तीन बार पलटी जिससे यात्रियों को ज्यादा चोटें आई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद घटनास्थल के लिए पुलिस दल रवाना किया गया और शवों और घायलों को वहां से बाहर निकाला गया।उन्होंने बताया कि इस घटना में गंभीर रूप से घायल 16 यात्रियों को अंबिकापुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां ईलाज के दौरान तीन यात्रियों की मौत हो गई। बाद में 13 यात्रियों को रायपुर के डॉक्टर भीमराव अंबेडकर अस्पताल के लिए रवाना कर दिया गया। अन्य यात्रियों को बलरामपुर के स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि आज मुख्यमंत्री रमन सिंह ने रायपुर में अंबेडकर अस्पताल का दौरा किया और घायलों को बेहतर चिकित्सा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। सिंह ने इस हादसे में यात्रियों की मृत्यु पर शोक जताया है और घायलों के जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।

 

Trending news