देवघरः झारखंड के देवघर में बाबाधाम से पूजा कर वापस लौट रहे श्रद्धालु हादसे का शिकार हो गए. श्रद्धालु की ऑटो गिरिडीह- देवघर पथ पर अचानक पलट गई. इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई है जबकि 8 महिलाएं जख्मी हो गई. घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है. यह घटना गिरिडीह-देवघर पथ पर बेंगाबाद थाना क्षेत्र के कर्णपुरा के पास घटी है. 


COMMERCIAL BREAK
SCROLL TO CONTINUE READING

9 महिलाएं हुई हादसे का शिकार 
बताया जा रहा है कि गिरिडीह के पचम्बा थाना क्षेत्र के चंदनडीह के रहने वाली 9 महिलाएं देवघर बाबाधाम से भगवान शिव की पूजा करने गई थीं. पूजा और जलाभिषेक कर ऑटो से वो सभी वापस घर लौट रही थी. इसी दौरान कर्णपुरा के पास पीछे से आ रही एक बोलेरो ने ऑटो को टक्कर मार दी, इस टक्कर में ऑटो पलट गई. 


घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया 
घटना की जानकारी मिलने के बाद बेंगाबाद थाना की पुलिस पहुंची और सभी घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल के डॉक्टर ने मोहनी देवी को मृत घोषित कर दिया. घायल महिलाओं में सुलेखा कुमारी, सोनी कुमारी, नीतू देवी, रिंकी वर्मा, सावित्री देवी, गुड़िया देवी, संगीता देवी और एक अन्य महिला शामिल हैं. 


जोरदार टक्कर में पलटा ऑटो 
घायल महिलाओं ने बताया कि पीछे से आ रही बोलेरो गाड़ी ने अचानक ऑटो को टक्कर मार दी. इस टक्कर से ऑटो पलट गया. घटना के बाद स्थानीय लोग पहुंचे और उन महिलाओं की मदद की. स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंची. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. वहीं घटना की जानकारी मिलते ही घायलों के परिजन भी सदर अस्पताल पहुंच गए हैं.
(रिपोर्ट-मृणाल सिन्हा)


यह भी पढ़े- हेमंत सरकार का बड़ा फैसला, अब प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं को मिलेगी सौ यूनिट मुफ्त बिजली