Indian Moon Mission: चंद्रयान-3 ने आखिरकार सफलता के झंडे गाड़ दिए हैं. चांद की सतह पर उसने वो कर दिखाया है जिसका इंतजार पूरी दुनिया कर रही थी. ठीक 23 अगस्त की शाम के 6:04 का तय समय पर चंद्रयान ने सॉफ्ट लैंडिंग कर दी. दुनिया के वैज्ञानिक और बड़े-बड़े देश इस प्रतिभा का लोहा मान रहे हैं. इसी कड़ी नासा ने भी इसरो को बधाई दी है. नासा के साथ-साथ दुनिया की अन्य दिग्गज स्पेस एजेंसियों ने बधाई देते हुए खुशी जताई है.


COMMERCIAL BREAK
SCROLL TO CONTINUE READING

नासा ने लिखा- बेहद खुशी है
दरअसल, अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के एडमिनिस्ट्रेटर बिल नेल्सन ने बधाई देते हुए लिखा कि चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरने के लिए इसरो को बधाई. चांद पर सफलतापूर्वक सॉफ्ट लैंडिग करनेवाला चौथा देश बनने के लिए भारत को बधाई. इस मिशन में आपका पार्टनर बनकर हमें बेहद खुशी है. बिल नेल्सन के इस ट्वीट को नासा के आधिकारिक पेज पर शेयर भी किया गया है.



 


यूरोपीयन स्पेस एजेंसी
वहीं यूरोपीयन स्पेस एजेंसी (ईएसए) ने इसरो को चंद्रयान-3 के लिए बधाई दी है. साथ ही ईएसए के प्रमुख जोजफ एशबाकर ने कहा कि इसरो और भारत के सभी लोगों को बधाई. नई तकनीक को प्रदर्शित करने का शानदार तरीका और चांद पर भारत की सॉफ्ट लैंडिंग करना शानदार है. मैं बहुत प्रभावित हूं.



 


यूके अंतरिक्ष एजेंसी
वहीं यूके अंतरिक्ष एजेंसी ने भी बधाई दी है. कहा गया कि इंजीनियरिंग और दृढ़ता की इस अद्भुत उपलब्धि पर भारत को बधाई. चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र में चंद्रयान -3 की सफल लैंडिंग इस बात का सबूत है कि हम एक नए अंतरिक्ष युग में रह रहे हैं. जहां दुनिया भर की अंतरिक्ष एजेंसियां ​​और कंपनियां चंद्रमा और उससे आगे पर अपनी नजरें गड़ाए हुए हैं.



 


दुनियाभर से मिल रही बधाई
इसके अलावा भी दुनियाभर के वैज्ञानिक और नेता इसरो के साथ-साथ भारत को चंद्रयान-3 के लिए बधाई दे रहे हैं. मालूम हो कि चंद्रयान-3 के लैंडर विक्रम ने चांद की सतह पर एकदम सटीक समय पर सॉफ्ट लैंडिंग की है. ब्रिक्स सम्मेलन के लिए दक्षिण अफ्रीका पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ISRO के वैज्ञानिकों और देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं. साथ ही उन्होंने कहा कि अब सूर्य और शुक्र से जुड़े मिशन की बारी है.