नई दिल्ली : महाराष्ट्र और हरियाणा में विधानसभा चुनाव हारने और भाजपा के वहां गहरी पैठ बनाने पर कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने रविवार को कहा कि लोगों ने दोनों राज्यों में बदलाव के लिए वोट दिया है।


COMMERCIAL BREAK
SCROLL TO CONTINUE READING

विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद राहुल ने कहा, ‘हम लोगों के फैसले को स्वीकार करते हैं। महाराष्ट्र में हमारी सरकार के 15 साल और हरियाणा में 10 साल के बाद लोगों ने बदलाव के लिए वोट दिया है।’ राहुल ने भाजपा को जीत के लिए बधाई देते हुए यह भी कहा कि कांग्रेस लोगों का विश्वास जीतने के लिए कड़ी मेहनत करेगी।


कांग्रेस उपाध्यक्ष ने यहां एक बयान में कहा, ‘मैं भाजपा को उनकी सफलता के लिए शुभकामना देता हूं। कांग्रेस लोगों का भरोसा जतीने के लिए जमीनी स्तर पर फिर कड़ी मेहनत करेगी।’ इस बीच, कांग्रेस महासचिव एवं हरियाणा प्रभारी शकील अहमद ने कहा कि पार्टी ‘उम्मीद से नीचे आये इस प्रदर्शन’ के कारणों की समीक्षा के लिए बैठ कर विचार करेगी।


उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनादेश सर्वोपरि होता है। उन्होंने कहा, ‘हरियाणा में बदलाव की परंपरा रही है। प्रत्येक चुनाव में सरकार बदलती है। 1966 में राज्य के गठन के बाद एकमात्र अपवाद पिछले चुनाव थे जब कांग्रेस के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने 2009 में सत्ता को बरकरार रखा।’


महाराष्ट्र में पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने कांग्रेस की पराजय की जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए कहा कि भले ही कांग्रेस का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है, लेकिन उसने कुछ जमीन हासिल कर ली है जो लोकसभा में गंवायी थी।