Dehradun news: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को उत्तरकाशी जिला मुख्यालय पर रोड-शो किया, तो जन-सैलाब सड़कों पर उमड़ आया. पारंपरिक वेशभूषा में हजारों महिलाओं ने सड़क के दोनों तरफ खड़े होकर पुष्प वर्षा कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया.  इस मौके पर मुख्यमंत्री ने महिलाओं के ‘दीदी-भुली महोत्सव‘ में शिरकत करने के साथ ही रू. 291 करोड़ से अधिक लागत की योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया. जिनमें रू. 189 करोड़ की लागत से यूजेवीएन लिमिटेड के तिलोथ विद्युतगृह के नवीनीकरण, उच्चीकरण एवं पुनरोद्धार (आर.एम.यू.) कार्य का लोकार्पण भी सम्मिलित है.


COMMERCIAL BREAK
SCROLL TO CONTINUE READING

दीदी-भुली महोत्सव
महिला सशक्तिकरण को समर्पित ‘दीदी-भुली महोत्सव‘ में प्रतिभाग करने के लिए मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के उत्तरकाशी पहुंचने पर पेट्रोल पंप-बस स्टैंड से लेकर भटवाड़ी रोड, भैरव चौक, कोर्ट रोड, हनुमान चौक होते हुए रामलीला मैदान तक रोड-शो आयोजित किया गया. इस मौके पर मुख्यमंत्री ने बाड़ाहाट क्षेत्र के आराध्य कंडार देवता को भी शीश नवाया और माँ शक्ति और बाबा विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्य व देश की प्रगति व खुशहाली की कामना की.  


रामलीला मैदान की पूजा - अर्चना
 रोड-शो संपन्न होने पर मुख्यमंत्री ने रामलीला मैदान में बद्री गाय की पूजा अर्चना कर ‘विकसित भारत विकसित ग्राम‘ प्रदर्शनी का उद्घाटन किया. मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी स्टॉलो का  निरीक्षण करने के साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद भी किया और विभिन्न योजना के लाभार्थियों को चेक वितरित किए. इस मौके पर मुख्यमंत्री ने ‘वन डिस्ट्रिक वन प्रोडक्ट‘ नेशन अवार्ड में देश में दूसरे स्थान का सम्मान पाने वाले लाल धान की जानकारी ली. महिला किसानों ने मुख्यमंत्री को लाल धान की बाली भेंट की. इस मौके पर मुख्यमंत्री ने गिंज्याली (मूसल) थामकर पारंपरिक ओखली में महिलाओं के साथ लाल धान की कुटाई की तथा लाल धान के चिवड़ा बनाने की जानकारी ली.


291 करोड़ की योजनाओं की किया लोकार्पण
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डुंडा और बगोरी क्षेत्र के पारंपरिक ऊन उत्पादकों से भेंट कर ऊनी ऊन बुनाई व कताई के बारे में जानकारी ली और चरखा भी चलाया. मुख्यमंत्री ने ऊन की कताई कर पारंपरिक ऊनी वस्त्रों को बढ़ावा देने का संदेश दिया. मुख्यमंत्री ने इस मौके पर रू. 291 करोड़ 75 लाख की लागत की विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया. जिनमे उत्तरकाशी जिले के विकास से जुड़ी रू. 57 करोड़ 38 लाख की लागत की 24 योजनाओं का शिलान्यास तथा 45 करोड़ 37 लाख की लागत की 38 योजनाओं का लोकार्पण किया.


यह भी पढ़े-  UP IPS Transfer List: यूपी के 6 IPS अफसरों का हुआ ट्रांसफर, बदले गए प्रयागराज-गोरखपुर रेंज के IG