सहारनपुर: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 (UP Election 2022) को लेकर सूबे की सत्ता पर काबिज बीजेपी ने अपनी चुनावी तैयारियों को और धार देना शुरू कर दिया है. पार्टी के नेता सरकार की उपलब्धियों को गिनाने के साथ ही कार्यकर्ताओं में जोश भर रहे हैं. इसी क्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने देवबंद पहुंच कर कार्यकर्ताओं के सम्मेलन के दौरान सपा पर जमकर निशाना साधा. और भाजपा की उपलब्धियों का बखान किया. 


COMMERCIAL BREAK
SCROLL TO CONTINUE READING

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश की सरकार ने माफिया व अपराधियों को प्रदेश की सीमा से बाहर कर दिया है. सपा सरकार के शासन में अपराधी माफियाओं को खुला संरक्षण दिया जाता था. 2022 का चुनाव अपराधियों को संरक्षण देने वालों और अपराधियों का सफाया करने वालों के बीच है. जनता के आशीर्वाद से 2022 में फिर से उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने जा रही है.


उन्होंने कहा की माफिया की संपत्ति पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने बुलडोजर चलाकर आम जनमानस को सुरक्षा का अहसास कराया है. उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के शासन में माफियाओं ने संपत्ति एकत्रित कर लोगों का शोषण किया था. जबकि, भाजपा सरकार के प्रदेश में सत्ता पर काबिज होते ही गुंडे, माफिया को सबक सिखाते हुए उनकी संपत्ति पर बुलडोजर चलाया गया.


प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह कहा कि उत्तर प्रदेश देश की दूसरी बड़ी अर्थव्यवस्था है. कानून व्यवस्था से देवबंद में एटीएस कमांडो सेंटर बन रहा है. कैराना में पीएससी भवन का निर्माण हो रहा है. 5 सालों में एक भी दंगा नहीं हुआ. साथ ही प्रदेश में प्रदेश में कानून का राज है. उन्होंने भाजपा सरकार की उपलब्धियों का बखान करते हुए कहा कि मोदी और योगी लगातार गरीबों के लिए काम करते रहे हैं, और 2022 में एक बार फिर सरकार बना कर गरीबों के लिए काम करेंगे.