ज़ी मीडिया ब्यूरो नई दिल्ली : कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने कहा है कि वह गुजरात में नरेंद्र मोदी के विकास मॉडल की पोल खोलेंगे। इस पोल खोल में आपको चौंकाने वाले तथ्य मिलेंगे। सिंह ने दावा किया कि वह लगातार 12 दिनों तक एक विषय पर मोदी के फर्जी आंकड़ों की पोल खोलेंगे। भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी द्वारा प्रचारित गुजरात के विकास मॉडल की आलोचना करते हुए दिग्विजय ने कहा कि इस राज्य में प्रति व्यक्ति ऋण देश में सबसे ज्यादा है। इसका मतलब यह है कि यहां की जनता पर ऋण का भार अन्य राज्यों की जनता से ज्यादा है। क्या मोदी सेवक हैं, कृपया जवाब दें? दिग्विजय ने कहा कि वे और अधिक तथ्यों के साथ आएंगे। कोई मुद्दा नहीं है। गुजरात का विकास मॉडल आम लोगों के सामने आना चाहिए। दिग्विजय ने योजना आयोग की रिपोर्ट के हवाले से यह बात कही है जिसमें गुजरात पर ऋण अदायगी का भार सकल राज्य घरेलू उत्पाद के 25.20 फीसदी होने की बात कही गई है, जो शेष राज्यों के 24.13 फीसदी से अधिक है। दरअसल कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने नरेंद्र मोदी के खिलाफ एक सूत्रीय अभियान चला रखा है। दिग्विजय हमेशा नरेंद्र मोदी के गुजरात विकास मॉडल को फर्जी बताने से नहीं चूकते हैं। अभी हाल ही में दिग्विजय ने राजकाज और विकास के मामलों पर किसी भी कांग्रेस नेता के साथ मोदी को बहस करने की चुनौती दी थी। मोदी के कट्टर आलोचक दिग्विजय ने समावेशी राजनीति पर मोदी के विचार को खारिज करते हुए कहा था कि क्या एक तेंदुआ अपने धब्बे बदल सकता है। मोदी द्वारा अपने प्रवासी भारतीय समर्थकों को वीडिया कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये संबोधित करने के कुछ ही देर बाद दिग्गी ने ट्विटर पर मोदी द्वारा सरकार की आलोचना को खारिज करते हुए आरोप लगाया था कि मोदी ने एनडीए शासन के समय के विकास के `झूठे आंकड़े` दिए।