नई दिल्ली : भाजपा और कांग्रेस ने आज दिल्ली विधानसभा को भंग करने के संबंध में उच्चतम न्यायालय के निर्देश का स्वागत किया और कहा कि दिल्लीवासियों को तत्काल चुनी हुई सरकार मिलनी चाहिए। भाजपा अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने एक बयान में कहा, ‘जहां तक भाजपा की बात है, जब भी उपराज्यपाल भाजपा को आमंत्रित करेंगे, हम हालात का आकलन करेंगे और उपराज्यपाल को यथासंभव जल्दी अपने फैसले के बारे में अवगत कराएंगे।’ दिल्ली कांग्रेस ने कहा कि वह नये सिरे से चुनावों के पक्ष में हैं।


COMMERCIAL BREAK
SCROLL TO CONTINUE READING

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता और वरिष्ठ नेता मुकेश शर्मा ने कहा, ‘दिल्लीवासियों को तत्काल चुनी हुई सरकार मिलनी चाहिए। कानून व्यवस्था की स्थिति खराब रही है। लोग जल और बिजली के संकट का सामना कर रहे हैं। इस हालात में सभी समस्याओं का हल नये सिरे से चुनाव कराने में ही है।’ शर्मा ने कहा, ‘संवैधानिक नियमों के अनुसार तुगलकाबाद, कृष्णानगर और महरौली विधानसभाओं के लिए उपचुनाव छह महीने के अंदर हो जाने चाहिए। उपचुनावों से बचने के लिए दिल्ली विधानसभा भंग की जानी चाहिए।’ उपाध्याय ने कहा कि दिल्ली के मौजूदा हालात के लिए आप और कांग्रेस पार्टी जिम्मेदार हैं।