जयपुर : राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अशोक परनामी ने अमित शाह को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर हार्दिक बधाई दी है। अपने बधाई संदेश में राजे ने कहा कि शाह के नेतृत्व में भाजपा मजबूती के साथ आगे बढेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने पूरे देश में संगठन की मजबूती में अहम भूमिका निभाई है। विशेषतौर पर उत्तर प्रदेश में भाजपा को जो ऐतिहासिक बहुमत गत लोकसभा चुनाव में मिला, उसमें शाह का योगदान महत्वपूर्ण है।


COMMERCIAL BREAK
SCROLL TO CONTINUE READING

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘शाह ने अपने नेतृत्व क्षमता का शानदार परिचय देते हुए बहुत कम समय में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। इन्हीं अभूतपूर्व और संगठनात्मक क्षमताओं के कारण वे आज पार्टी के एक समर्पित कार्यकर्ता से राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाये गये है।’ राजे ने उम्मीद जताई है कि प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जहां देश विकास की नई उंचाईयों की ओर बढ रहा है, वहीं शाह के नेतृत्व में भाजपा संगठन को नई दिशा मिलेगी और पार्टी पूरे देश में जन-जन तक पहुंचने में सक्षम होगी।


भारतीय जनता पार्टी मुख्यालय में पार्टी अध्यक्ष अशोक परनामी सहित कार्यकर्ताओं ने अमित शाह को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाये जाने पर जश्न मनाया गया और उन्हें बधाई दी गई। पार्टी कार्यालय में मौजूद कार्यकर्ताओं ने पटाखें छोडकर और एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष परनामी ने बाद में पत्रकारों से बाचतीत में कहा कि अमित शाह के नेतृत्व में पार्टी देश में नई उचांईयों पर पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में भाजपा को जो ऐतिहासिक बहुमत मिला उसमें शाह की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इस अवसर पर राजस्थान के चिकित्सा मंत्री राजेन्द्र राठौड, सामाजिक न्याय मंत्री अरूण चतुर्वेदी और पूर्व मंत्री दिगंबर सिंह सहित कई नेता उपस्थित थे।