नई दिल्ली: हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद का उनकी 114वीं वर्षगांठ पर खेल जगत के लोगों और कई अन्य हस्तियों ने भावपूर्ण स्मरण किया. उनका जन्मदिन पूरे देश में राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है. खेल दिवस के मौके पर गुरुवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने खेल पुरस्कारों का भी वितरण किया. ध्यानचंद 1928, 1932 और 1936 में ओलम्पिक खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम का हिस्सा थे.


COMMERCIAL BREAK
SCROLL TO CONTINUE READING

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जिन्होंने गुरुवार को ही फिट इंडिया अभियान को लांच किया, ट्वीट करते हुए लिखा, "राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर पूरे देश के खेल प्रेमियों को बधाई हो. अतुलनीय हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के जन्म दिवस पर उनको मेरी श्रद्धांजलि."


खेल मंत्री किरण रिजिजू ने कहा, "भारत के सर्वकालिक महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को उनके जन्म दिवस पर मेरी श्रद्धांजलि. इस राष्ट्रीय खेल पुरस्कार के दिन मेरी सभी भारतीय खिलाड़ियों को शुभकामनाएं."



भारत की नई उड़नपरी के नाम से मशहूर हिमा दास ने कहा, "हॉकी के महान खिलाड़ी को मेरी श्रद्धांजलि. आइए इस राष्ट्रीय खेल दिवस के दिन फिट रहने की प्रतीज्ञा करते हैं."



महिला टेबल टेनिस खिलाड़ी मनिका बत्रा ने कहा, "हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के जन्म दिवस के दिन हर किसी को राष्ट्रीय खेल दिवस की बधाई."