Haryana News: भारतीय जनता पार्टी (BJP) विधायक हरविंदर कल्याण को शुक्रवार को सर्वसम्मति से हरियाणा विधानसभा का अध्यक्ष चुन लिया गया. हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सदन में कल्याण के नाम का एक प्रस्ताव रखा. भाजपा विधायक रणबीर गंगवा ने प्रस्ताव का समर्थन किया.


COMMERCIAL BREAK
SCROLL TO CONTINUE READING

बता दें, हरविंदर कल्याण करनाल जिले के घरौंडा से तीन बार के विधायक हैं. कल्याण को विधानसभा अध्यक्ष चुने जाने से पहले प्रोटेम स्पीकर एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रघुवीर सिंह कादियान ने 90 सदस्यीय विधानसभा के नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलायी. विधानसभाध्यक्ष चुने जाने के बाद कल्याण के अध्यक्ष पद संभालने पर मुख्यमंत्री और उनकी पार्टी के विधायकों, भूपेंद्र सिंह हुड्डा सहित कांग्रेस विधायकों, इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) विधायकों आदित्य देवी लाल और अर्जुन चौटाला तथा कई अन्य विधायकों ने बधाई दी.


इससे पहले सैनी और अन्य नवनिर्वाचित विधायकों को 15वीं राज्य विधानसभा के सदस्य के रूप में शपथ दिलायी गई. प्रोटेम स्पीकर एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रघुवीर सिंह कादियान ने नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलायी. बता दें, पंचकूला में 17 अक्टूबर को हरियाणा के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले सैनी पहले व्यक्ति थे, जिन्हें प्रोटेम स्पीकर ने शपथ दिलायी. 


सैनी के बाद, उनके मंत्रिपरिषद के सदस्यों - अंबाला कैंट से सात बार के विधायक अनिल विज, इसराना विधायक कृष्ण लाल पंवार, बादशाहपुर विधायक राव नरबीर सिंह, पानीपत ग्रामीण विधायक महिपाल ढांडा, फरीदाबाद विधायक विपुल गोयल, गोहाना विधायक अरविंद शर्मा और रादौर विधायक श्याम सिंह राणा को प्रोटेम स्पीकर ने शपथ दिलायी। मंत्रियों में बरवाला विधायक रणबीर गंगवा, नरवाना विधायक कृष्ण कुमार बेदी, तोशाम विधायक श्रुति चौधरी, अटेली विधायक आरती सिंह राव, तिगांव विधायक राजेश नागर और पलवल विधायक गौरव गौतम को शपथ दिलायी गयी। बेदी ने संस्कृत में शपथ ली, जबकि चौधरी ने अंग्रेजी में शपथ ली. 


मंत्रिपरिषद के बाद महिला विधायकों को शपथ दिलायी गई. इनमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक बिमला चौधरी, कांग्रेस विधायक एवं पूर्व मंत्री गीता भुक्कल, भाजपा विधायक कृष्णा गहलावत, कांग्रेस विधायक मंजू चौधरी, कांग्रेस विधायक पूजा, निर्दलीय विधायक सावित्री जिंदल, भाजपा विधायक शक्ति रानी शर्मा, कांग्रेस विधायक शकुंतला खटक और कांग्रेस विधायक एवं ओलंपियन पहलवान विनेश फोगाट शामिल थीं. 


खेल जर्सी पहने फोगाट ने शपथ लेने के बाद 'जय जवान, जय किसान, जय खिलाड़ी, जय नौजवान और जय हरियाणा' कहा. शपथ ग्रहण करने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा ने मुख्यमंत्री सैनी और विज से हाथ मिलाकर अभिवादन किया. 


निर्मल सिंह, घनश्याम सर्राफ, कपूर सिंह, सतपाल सांगवान के अलावा इनेलो सदस्य आदित्य देवीलाल और अर्जुन चौटाला समेत विधायकों को भी शपथ दिलायी गई. कांग्रेस विधायक जस्सी पेटवार और विकास सहारण ने शपथ लेने के बाद ‘जय जवान, जय किसान, जय संविधान’ कहा. 


जानकारी के लिए बता दें, पांच अक्टूबर को हुए हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 48 सीट जीतकर लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की. जबकि कांग्रेस ने 37 सीट जीतीं. इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने दो सीट जीतीं और तीन निर्दलीय भी निर्वाचित हुए.


रिपोर्ट- अमित पवनेश, भाषा