नई दिल्लीः भारतीय जनता पार्टी ने पार्टी पदाधिकारियों में बढ़ा बदलाव करते हुए कई राज्यों के पार्टी अध्यक्षों में बदलाव किया है. आने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनावों की तैयारी के तौर पर इसे देखा जा रहा है. भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने इन नियुक्तियों को मंजूरी दी है. यह तत्काल प्रभाव से लागू होंगी. 

COMMERCIAL BREAK
SCROLL TO CONTINUE READING

बिहार में संजय जायसवाल को हटाकर सम्राट चौधरी को बनाया प्रदेश अध्यक्ष 
गुरुवार को भाजपा ने बिहार विधान परिषद के सदस्य और पूर्व मंत्री सम्राट चौधरी को पार्टी की बिहार इकाई का सद्र बनाया है. वह बिहार भाजपा सद्र के रूप में संजय जायसवाल की जगह लेंगे. कुशवाहा समाज से आने वाले सम्राट चौधरी बिहार के कद्दावर नेता रहे शकुनी चौधरी के बेटे हैं. शकुनी चौधरी सात बार विधायक रह चुके हैं. सम्राट चौधरी इससे पहले बिहार भाजपा के उपाध्‍यक्ष भी रह चुके हैं. सम्राट चौधरी 1999 में कृषि मंत्री और 2014 में शहरी विकास और आवास विभाग के मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं. 


राजस्थान में सतीश पूनिया गए, अब सी पी जोशी निभाएंगे प्रदेश अध्यक्ष का पद 
वहीं, राजस्थान के चितौड़गढ़ से सांसद चंद्र प्रकाश जोशी (सी पी जोशी) को भाजपा की राजस्थान इकाई का सद्र बनाया गया है. वह भाजपा प्रदेश सद्र के रूप में सतीश पूनिया की जगह लेंगे. सी पी जोशी ने 2019 के लोकसभा चुनाव में भारी मतों से जीत दर्ज की और दूसरी बार संसद पहुंचे है. 

वीरेंद्र सचदेवा निभाएंगे दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी 
पार्टी महासचिव अरुण सिंह की तरफ से जारी विज्ञप्तियों के मुताबिक, दिल्ली भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा को दिल्ली प्रदेश भाजपा का सद्र बनाया गया है. उन्होंने आदेश गुप्ता की जगह ली थी.  

ओडिशा में समीर मोहंती की जगह मनमोहन सामल बने अध्यक्ष 
ओडिशा के पूर्व मंत्री व वरिष्ठ नेता मनमोहन सामल को प्रदेश इकाई के सद्र की जिम्मेदारी दी गई है. सचदेवा को पिछले साल दिसंबर में दिल्ली भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था. मनमोहन सामल ओडिशा प्रदेश सद्र के रूप में समीर मोहंती का स्थान लेंगे. प्रदेश अध्यक्ष के रूप में मोहंती का तीन साल का कार्यकाल इसी साल जनवरी में खत्म हुआ था.  


 


Zee Salaam