कांग्रेस के नेता सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री के ओहदे की शपथ ले ली है. इसके बाद उनका सबसे पहला रिएक्शन सामने आया है. उन्होंने कहा है कि "हमने 10 गारंटियां दी हैं और उन्हें लागू करेंगे. कैबिनेट बनने के बाद यह तय किया जाएगा कि कौन सी गारंटी प्लान पहले लागू किया जाए. हम ट्रांसपैरेंट और ईमानदार सरकार देंगे."


COMMERCIAL BREAK
SCROLL TO CONTINUE READING

सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज यानी रविवार को हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ओहदे की शपथ ली. इसके साथ ही विवेक अग्निहोत्री ने उप मुख्यमंत्री के ओहदे की शपथ ली. दोनों लोगों को हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल आरवी अर्लेकर ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. सुखविंदर ने शपथ लेने के बाद कहा कि "हम पहली कैबिनेट बैठक में OPS (पुरानी पेंशन योजना) लागू करेंगे. हमने जो भी वादे किए हैं सबको पूरा किया जाएगा."


सुखविंदर सिंह सुक्खू के शपथ प्रोग्राम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी के अलावा राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हिस्सा लिया. 


यह भी पढ़ें: मैं, सुखविंदर सिंह सुक्खू, ईश्वर की शपथ लेता हूं कि...हिमाचल को मिला 15वां मुख्यमंत्री


58 साल के कांग्रेस के नेता सुखविंदर सिंह सुक्खू साल 2003, 2007, 2017 और अब 2022 में विधायक चुने गए. वह कांग्रेस की स्टूडेंट विंग NSUI के सदर, युवा कांग्रेस के स्टेट जेनेरल सेक्रेटरी, युवा कांग्रेस के अध्यक्ष, प्रदेश कांग्रेस के जेनेरल सेक्रेटरी और प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष भी रहे.


मुख्यमंत्री की शपथ लेने से पहले सुखविंदर सिंह सुक्खू पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की बीवी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह से मिलने उनके घर पहुंचे. इससे पहले प्रतिभा सिंह भी मुख्यमंत्री बनने की दौड़ में थीं. हालांकि कांग्रेस आलाकमान ने सुखविंदर सिंह सुक्खू पर भरोसा जताया. 


शनिवार को जब कांग्रेस आलाकमान ने सुखविंदर सिंह सुक्खू को मुख्यमंत्री चुना उसके बाद उन्होंने गांधी परिवार का शुक्रिया अदा किया था. उन्होंने कहा कि "पार्टी अपने चुनावी वादों को पूरा करेगी. नई सरकार बदलाव लाएगी."


Zee Salaam Live TV: