अगले साल भारत में होगा जनसंख्या विस्फोट, हम निकल जाएंगे चीन से आगे

संयुक्त राष्ट्र संघ की तरफ से जारी की गई एक रिपोर्ट में यह दावा किया गया है कि, साल 2023 तक भारत आबादी के मामले में चीन को पीछे छोड़ देगा. रिपोर्ट के मुताबिक 2022 में भारत की आबादी 1.412 अरब है, जबकि चीन की आबादी 1.426 अरब है.   

Written by - Zee Hindustan Web Team | Last Updated : Jul 12, 2022, 07:59 AM IST
  • 2023 तक भारत बनेगा सबसे बड़ी आबादी वाला देश
  • जनसंख्या के मामले में चीन को भी छोड़ देगा पीछे
अगले साल भारत में होगा जनसंख्या विस्फोट, हम निकल जाएंगे चीन से आगे

नई दिल्ली. अगले साल यानी 2023 तक भारत दुनिया का सबसे बड़ी आबादी वाला देश बन जाएगा. भारत के अगले साल दुनिया के सबसे अधिक आबादी वाले देश के रूप में चीन से आगे निकल जाने का अनुमान है.

संयुक्त राष्ट्र संघ की रिपोर्ट

संयुक्त राष्ट्र संघ की तरफ से जारी की गई एक रिपोर्ट में यह दावा किया गया है कि, साल 2023 तक भारत आबादी के मामले में चीन को पीछे छोड़ देगा. संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या प्रखंड के आर्थिक और सामाजिक मामलों के विभाग द्वारा ‘विश्व जनसंख्या संभावना 2022’ नाम की रिपोर्ट में कहा गया कि वैश्विक जनसंख्या 15 नवंबर, 2022 तक आठ अरब के आंकड़े पर पहुंच जाएगी.  

हालांकि, वैश्विक जनसंख्या 1950 के बाद से सबसे धीमी गति से बढ़ रही है, और 2020 में यह एक प्रतिशत से कम हो गई है. संयुक्त राष्ट्र के नवीनतम अनुमानों से पता चलता है कि दुनिया की जनसंख्या 2030 में लगभग 8.5 अरब और 2050 में 9.7 अरब तक बढ़ सकती है. अनुमान के मुताबिक इसके 2080 के दौरान लगभग 10.4 अरब लोगों की आबादी के साथ ही शिखर पर पहुंचने और वर्ष 2100 तक उसी स्तर पर बने रहने का अनुमान है.

संयुक्त राष्ट्र मासचिव का बयान

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुतारेस ने कहा, “इस वर्ष का विश्व जनसंख्या दिवस (11 जुलाई) एक ऐसे वर्ष के दौरान आता है, जब हम पृथ्वी के आठ अरबवें निवासी के जन्म की उम्मीद कर रहे है. यह हमारी विविधता का जश्न मनाने, हमारी समान मानवता को पहचानने और स्वास्थ्य में प्रगति पर आश्चर्य करने का अवसर है. जिसने जीवन प्रत्याशा को बढ़ाया है और नाटकीय रूप से मातृ एवं बाल मृत्यु दर में कमी आई है. 

चीन से आगे निकल जाएगा भारत

भारत के 2023 के दौरान दुनिया के सबसे अधिक आबादी वाले देश के रूप में चीन से आगे निकलने का अनुमान है. रिपोर्ट के मुताबिक, 2022 में दुनिया के दो सबसे अधिक आबादी वाले क्षेत्र पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी एशिया थे, जहां 2.3 अरब लोग रह रहे हैं, जो वैश्विक आबादी के 29 प्रतिशत का प्रतिनिधित्व करते हैं.

वहीं, मध्य और दक्षिणी एशिया की आबादी 2.1 अरब है जो कुल वैश्विक जनसंख्या के 26 प्रतिशत का प्रतिनिधित्व करती है. चीन और भारत इन क्षेत्रों में सबसे ज्यादा आबादी वाले देश हैं. इन दोनों देशों की आबादी 2022 में 1.4 अरब से अधिक है. 

अभी कितनी है भारत की आबादी

रिपोर्ट के मुताबिक 2022 में भारत की आबादी 1.412 अरब है, जबकि चीन की आबादी 1.426 अरब है. भारत 2023 तक दुनिया के सबसे अधिक आबादी वाले देश के रूप में चीन को पछाड़ देगा, और उसकी आबादी अनुमान के मुताबिक 2050 में 1.668 अरब होगी, जो सदी के मध्य तक चीन की अनुमानित 1.317 अरब आबादी से बहुत आगे है.

यह भी पढ़ें: अंतरिक्ष में 7 दिन की सैर पर जाएंगे भारतीय, केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने दी बड़ी जानकारी

Zee Hindustan News App: देश-दुनिया, बॉलीवुड, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल और गैजेट्स की दुनिया की सभी खबरें अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें ज़ी हिंदुस्तान न्यूज़ ऐप.  

ट्रेंडिंग न्यूज़