मनीष सिन्हा/रांचीः झारखंड प्रदेश कांग्रेस में रार खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है. पहले पार्टी अध्यक्ष डॉक्टर अजय कुमार के खिलाफ बड़े नेताओं का विरोध सामने आया था. जिसके बाद उन्हें अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा था. वहीं अब झारखंड कांग्रेस महिला की महासचिव ने महिला प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष गुंजन सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं.


COMMERCIAL BREAK
SCROLL TO CONTINUE READING

दरअसल, झारखंड प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष गुंजन सिंह पर महिला कांग्रेस पार्टी की महासचिव संगीता तिवारी ने कई गंभीर आरोप लगाए हैं. संगीता का कहना है कि गुंजन सिंह महिला कांग्रेस के नेताओं से कहती है कि अगर टिकट लेना है तो बड़े नेताओं को खुश करना होगा. ऐसा नहीं करने पर उन्होंने महिला कांग्रेस के पांच पदाधिकारी को पार्टी से निष्कासित भी कर दिया है.


वहीं भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि यह बेहद दुखद और शर्मनाक घटना है. जैसा कि कांग्रेस में बड़े नेताओं को खुश करने की बात कही जा रही है तो यह दर्शाता है कि कांग्रेस के लोगों की क्या सोच है.



उन्होंने कहा कि भाजपा बेटी पढ़ाओ और बेटी बचाओ का नारा देती है, लेकिन कांग्रेस नेताओं की हरकत से उसका चरित्र उजागर हुआ है और इसका निष्पक्ष जांच भी होना चाहिए.


जाहिर है कांग्रेस में अंतर कलह और घमासान अपने चरम सीमा पर है और पार्टी की महासचिव का यह आरोप बेहद ही गंभीर हैं. ऐसे में अब कांग्रेस के नेता आपस में ही भिड़े हैं.