रांची: झारखंड सरकार ने आज राज्य का नया लोगो लॉन्च किया है. रांची के आर्यभट्ट सभागार से झारखंड सरकार का नया लोगो जारी किया गया है. इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के नए प्रतीक चिन्ह के बारे में विस्तार से समझाया. सीएम ने बताया नया प्रतीक चिन्ह राज्य की संस्कृति , यहां की जीवन शैली , यहां के पर्यावरण ,यहां की ताकत और खूबसूरती को अपने आप में समेटे हुए है. 


COMMERCIAL BREAK
SCROLL TO CONTINUE READING

उन्होंने कहा कि यह प्रतीक चिन्ह चौकोर नहीं बल्कि वृत के आकार का है,यानी गोलाकार है, जो विकास के प्रतीक का सूचक है. जैसे पहिया लगातार घूमते हुए आगे बढ़ता है ,झारखंड भी विकास के पथ पर बढ़ता रहेगा. इस राजकीय चिन्ह में हरा रंग है जो खुशहाली और समृद्धि का प्रतीक हैं. इसमे पलास के फूल का उपयोग किया गया है क्योंकि यह झारखंड का राजकीय फूल भी है. इसका लाल रंग आग और क्रांति का प्रतीक है  जो बताता है झारखंड के लोगों में संघर्ष की अद्भुत क्षमता है. 


साथ ही उन्होंने कहा कि नए राजकीय चिन्ह में हाथी को दर्शाया गया है जो शुभ होता है. ताकत की पहचान है. इसके जरिए झारखंड की ताकत को दिखाने का काम हुआ है. ये झारखंड का राजकीय पशु भी है. हाथी अनुशासित भी होता है. 


नए प्रतीक चिन्ह को जारी करते हुए राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने कहा है कि ये प्रतीक चिन्ह हमारी संस्कृति, हमारी चेतना का द्योतक है जो अपने आप मे समग्रता को समेटे हुए हैं. इसे राज्य की जनता की संवेदनशीलता से जोड़ा गया है. 


 कार्यक्रम में शामिल झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रविन्द्र नाथ महतो ने कहा, नया प्रतीक चिन्ह राज्य के वैभव और संस्कृति दोनों के बीच का समन्वय है. राज्य के होने वाले प्रगति को समेट कर उकेरा गया है. कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव ने भी नए लोगो को बेहतर बताया साथ ही कहा, पहले जो प्रतीक चिन्ह था उसका मतलब निकलना मुश्किल था. नए प्रतीक चिन्ह से अर्थ निकलेगा , सबको मिलाकर अपने प्रतीक चिन्ह से झारखंड को अलग पहचान दे रहे हैं.