रांची : झारखंड की सभी 81 विधानसभा सीटों के लिए मतगणना जारी है और यह 15 चरण से 31 चरण तक चलेगी। इसके प्रारंभिक रुझान दिन में ग्यारह बजे तक मिल जाने की संभावना है। विभिन्न दलों के नेता परिणामों को लेकर बेचैन दिखाई दे रहे हैं। झारखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी पीके जाजोरिया ने यहां बताया कि मतगणना का कार्य सभी केन्द्रों पर आज सुबह प्रारंभ हो गया और प्रारंभिक रुझान दिन में ग्यारह बजे तक मिलने की संभावना है।


COMMERCIAL BREAK
SCROLL TO CONTINUE READING

चुनाव परिणामों को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों में भारी बेचैनी है और सुबह से ही नेता लोग मंदिरों, मस्जिदों और गिरिजाघरों में पहुंच रहे हैं तथा अपनी और पार्टी की जीत की कामना कर रहे हैं। इस क्रम में भाजपा के मुख्यमंत्री पद की दौड़ में माने जाने वाले राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सीपी सिंह सबसे पहले मंदिर पहुंचे। राज्य में पांच चरणों में हुए चुनाव में रिकार्ड 66.47 प्रतिशत मतदान हुआ और इन विधानसभा चुनावों की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि यह पूरी तरह हिंसा रहित और शांतिपूर्ण रहे। इससे पहले कभी भी झारखंड राज्य बनने के बाद इतना अधिक मतदान यहां विधानसभा या लोकसभा चुनावों में रिकॉर्ड नहीं किया गया था।


इस वर्ष अप्रैल-मई में हुए लोकसभा चुनावों के मतदान से भी इन विधानसभा चुनावों में लगभग ढाई प्रतिशत अधिक मतदान हुआ। 2009 के विधानसभा चुनावों की तुलना में इन विधानसभा चुनावों में लगभग नौ प्रतिशत अधिक मतदान हुआ। जाजोरिया ने कहा कि लोगों के सहयोग और मतदानकर्मियों की मेहनत के चलते 66 प्रतिशत से भी अधिक मतदान रिकार्ड किया गया।