Diwali 2024: बिहार के राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने दी दीपावली की बधाई और शुभकामनाएं
![Diwali 2024: बिहार के राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने दी दीपावली की बधाई और शुभकामनाएं Diwali 2024: बिहार के राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने दी दीपावली की बधाई और शुभकामनाएं](https://hindi.cdn.zeenews.com/hindi/sites/default/files/styles/zm_500x286/public/2024/10/31/3371060-choti-diwali-wishes-2.jpg?itok=COQgI-le)
Diwali 2024: बिहार में गुरुवार को रोशनी के पर्व दीपावली की धूम है. इस बीच, राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दीपावली के पावन अवसर पर समस्त बिहारवासियों एवं देशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी है.
पटना: Diwali 2024: बिहार में गुरुवार को रोशनी के पर्व दीपावली की धूम है. इस बीच, राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दीपावली के पावन अवसर पर समस्त बिहारवासियों एवं देशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी है.
राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा है कि दीपावली सनातन संस्कृति का सबसे महत्वपूर्ण उत्सव है. दीपों का यह त्योहार बुराई पर अच्छाई और अज्ञान पर ज्ञान की विजय का प्रतीक है. इस अवसर पर हम अपने हृदय को सत्य, प्रेम और करुणा के प्रकाश से आलोकित करने का संकल्प लें. राज्यपाल आर्लेकर ने इस अवसर पर बिहारवासियों के जीवन में सुख, समृद्धि और सौभाग्य की कामना की तथा सुरक्षित और प्रदूषण मुक्त दीपावली मनाने का आह्वान किया.
यह भी पढ़ें- Bihar Politics: बिहार उपचुनाव में चारों सीटें जीतेंगे, झारखंड में भी सरकार बनाएंगे: अशोक चौधरी
उधर, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रकाश पर्व दीपावली की प्रदेश और देशवासियों को अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि प्रकाश पर्व दीपावली अंधकार पर प्रकाश, अज्ञान पर ज्ञान और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है. यह अंधेरे से उजाले का संकल्प एवं प्रकाश का महापर्व है. मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया है कि वे प्रकाश पर्व दीपावली को पारस्परिक सौहार्द्र, सद्भाव और उल्लास के साथ मनाएं.
उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने भी प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दी है. बिहार में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने भी दीपावली की शुभकामनाएं दी है.
उन्होंने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि सुख, समृद्धि और खुशहाली से बिहार सदैव जगमगाता रहे. उन्होंने कहा, "प्रकाश का यह उत्सव बिहार से पलायन, बेरोजगारी, गरीबी, भ्रष्टाचार व अफसरशाही के घोर अंधेरे का नाश करे तथा हर घर में सुख, समृद्धि, सम्पन्नता, स्वास्थ्य, शिक्षा और नव खुशियों का संचार तथा न्याय का उजाला करें. इसी मनोकामना के साथ सभी को दीपावली के पावन पर्व की असंख्य शुभकामनाएं."
इनपुट- आईएएनएस के साथ
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी . बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!