Delhi-NCR Monsoon 2023 Date: मानसून का इंतजार कर रहे लोगों के लिए मौसम विभाग की तरफ से अच्छी खबर सामने आई है, आने वाले 3-4 दिनों में देश के लगभग 20 राज्यों में मानसूनी गतिविधियां शुरू हो जाएंगी. हरियाणा में 25 जून से प्री-मानसून की बारिश शुरू हो जाएगी और 30 जून को मानसून दस्तक देगा. वहीं दिल्ली में 28-30 जून के बीच मानसून दस्तक देगा. 


COMMERCIAL BREAK
SCROLL TO CONTINUE READING

केरल देरी से पहुंचा मानसून
देश में मानसून की शुरुआत केरल से मानी जाती है, आमतौर पर केरल में 1 जून को मानसून दस्तक देता है, लेकिन इस बार 7 दिनों की देरी से 8 जून को मानसून केरल पहुंचा. केरल के बाद अब कर्नाटक, तमिलनाडु, गोवा और महाराष्ट्र के हिस्सों में मानसून की दस्तक हो चुकी है. शुक्रवार को मानसून छत्तीसगढ़ पहुंच गया, जिसके बाद आज-कल में मानसून मध्यप्रदेश की सीमा में प्रवेश कर जाएगा.


अगले 4 दिनों तक इन राज्यों में होगी झमाझम बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले 3-4 दिनों में  मध्यप्रदेश, राजस्थान, पंजाब, गुजरात, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, छत्तीसगढ़, ओडिशा, उत्तराखंड, तेलंगाना, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, हिमाचल प्रदेश, गोवा, तटीय आंध्र प्रदेश, तटीय कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु में भारी बारिश के आसार हैं. 


ये भी पढ़ें- Wrestlers Controversy: ट्रायल में छूट को लेकर शुरू हुए विवाद में जूनियर खिलाड़ियों की एंट्री, कहा- हक मारने के लिए दिया धरना


समय से पहले दिल्ली पहुंच सकता है मानसून
नई परिस्थितियों के अनुसार, मानसून काफी तेजी से आगे बढ़ रहा है. अगर पूर्वी और मध्य भारत में मानसून की रफ्तार तेज रहती है तो इसी हफ्ते दिल्ली सहित उत्तर भारत में मानसून की दस्तक हो सकती है. दिल्ली में सामान्यतौर पर 30 जून को मानसून दस्त देता है. 


किसानों को फायदा
मानसून में हो रही देरी की वजह से किसानों के चेहरे पर मायूसी छा गई थी, लेकिन अब मानसून के रफ्तार पकड़ने के साथ ही एक बार फिर किसानों के चेहरे खुशी से खिल गए हैं. हरियाणा के जीटी बैल्ट के 7 जिलों में मुख्य रूप से धान की फसल उगाई जाती है, जिसकी वजह से इसे 'धान का कटोरा' भी कहते हैं. मानसून की दस्तक की खबरों के बीच अब किसान धान की रोपाई के काम में जुट गई हैं. उम्मीद के अनुसार, अगर 30 जून तक हरियाणा में मानसून की दस्तक हो जाती है तो इससे किसानों को बड़ा फायदा होगा.