नई दिल्ली : भारत इस सप्ताहांत पाकिस्तान के 88 मछुआरों को सद्भावना के तौर पर रिहा करेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते मंगलवार को अपने समकक्ष नवाज शरीफ से बात करके इस फैसले के बारे में जानकारी दी थी।


COMMERCIAL BREAK
SCROLL TO CONTINUE READING

आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि भारत ने 88 पाकिस्तानी मछुआरों को रिहा करने के फैसले के बारे में यहां उनके उच्चायोग को पहले ही जानकारी दे दी है और अब उन्हें उस मिशन से ‘निकास दस्तावेज’ का इंतजार है। मंगलवार को शरीफ से टेलीफोन पर बातचीत में मोदी ने रमजान की बधाई देने के साथ इस पवित्र मौके पर हिरासत में मौजूद पाकिस्तानी मछुआरों की रिहाई के फैसले के बारे में जानकारी दी थी। मोदी ने शरीफ को इस फैसले के बारे में बताते हुए कहा था कि रिहा होने वाले मछुआरे इस पवित्र महीने में अपने परिवारों के साथ होंगे। मोदी ने यह भी कहा था कि भारत और पाकिस्तान के बीच ‘शांतिपूर्ण’ और ‘मैत्रीपूर्ण’ संबंध रखने की जरूरत है। इस बीच पाकिस्तान ने आज कराची की एक जेल में बंद भारत के 113 मछुआरों को सद्भावना के तहत रिहा किया। कल वाघा सीमा पर इन मछुआरों को भारतीय अधिकारियों को सौंपा जाएगा।