अशोकनगर: फ्रांस से मध्य प्रदेश के अशोकनगर आईं टेरेसा और एनी की खुशी का ठिकाना नहीं है। हो भी क्यों ना सरकार के नोटबंदी के फैसले के बाद टेरेसा और एनी के सामने परदेस में मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा था।


COMMERCIAL BREAK
SCROLL TO CONTINUE READING

लेकिन मदद के एक हाथ ने इनकी मुश्किलों को आसान कर दिया। 500 और 1000 हज़ार के पुराने नोट बंद होने से टेरेसा और एनी को रहने और खाने तक के लाले पड़ गए।


दोनों विदेशी महिला पर्यटकों के पास एक लाख रुपये होने के बावजूद चंदेरी में उनको कोई ठौर-ठिकाना नहीं मिल रहा था।


तभी टेरेसा और एनी के गाइड मुज़फ्फर अहमद अंसारी उनके लिए फ़रिश्ता बनकर सामने आए।


अंसारी ने चंदेरी के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के ब्रांच मैनेजर ए के सिंह से बात कर पुराने नोटों के बदले 4 हजार रुपए के नए नोट दिलवा दिए।


फिर भी टेरेसा और एनी की परेशानियां कम नहीं हुईं। दोनों की परेशानियों को देखते हुए एसबीआई के सीनियर अधिकारियों ने भारत की आत्मीय छवि दोनों के दिलों में कायम रखने के लिए उनके एक साथ 98 हजार रुपये एक्सचेंज कर दिए।


नए नोट के लिए कई बैंकों के चक्कर काट चुकीं ऐनी और टेरेसा को ऐसा लगा जैसे कुबेर का खज़ाना मिल गया हो।


टेरेसा और एनी इस मदद के बाद इतनी खुश हुईं कि दोनों ने इंडिया इज़ ग्रेट का नारा लगाया और चंदेरी से भारत भ्रमण पर रवाना हो गईं।