प्रिया पांडेय/भोपालः मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) की राजधानी भोपाल (Bhopal) में आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (Draupadi Murmu )का आगमन हो रहा है और धर्म-धम्म सम्मेलन का भी आयोजन किया जा रहा है. जिसकी वजह से शहर के कई रास्तों को बंद कर दिया गया है. जबकि कई रास्तों का रूट डायवर्जन (route diversion) कर दिया गया है. राष्ट्रपति आज 7वें अंतर्राष्ट्रीय धर्म-धम्म सम्मेलन का  उद्घाटन करेंगी और होने वाले सम्मेलन में लोगों को संबोधित करेंगी. ऐसे में यदि आप राजधानी भोपाल के रहवासी हैं या आज जानें वाले हैं तो उससे पहले रास्तों के बारे में अवश्य जान लें. 


COMMERCIAL BREAK
SCROLL TO CONTINUE READING

ये रूट रहेंगे बंद
राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के आवागमन के चलते सुबह 9 बजे से लेकर दोपहर के 2.30 तक ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा. इसकी वजह से शहर के रोशनपुरा चौराहे से पुराना पुलिस कंट्रोल रूम तिराहा और मछलीघर तिराहा से गांधी पार्क तिराहा तक दो पहिया, चार पहिया और लोक परिवहन वाहनों का सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक आवागमन प्रतिबंधित रहेगा.


बैरागढ़, राजाभोज एयरपोर्ट और ब्यावरा की ओर जाने वाले दो पहिया और चार पहिया वाहन का सुबह 11. 40 बजे से दोपहर 12. 20 बजे तक और दोपहर 1 बजे से 1. 40 बजे तक रोशनपुरा चौराहे से पॉलिटेक्निक चौराहा, कमला पार्क, रेतघाट, वीआईपी रोड, लालघाटी और गांधी नगर तिराहा तक आवागमन प्रतिबंधित रहेगा.


इन रास्तों से गुजरने वाले वाहन रोशनपुरा से भारत माता चौराहा, भदभदा चौराहा, नीलबड़ तिराहे से दाएं मुड़कर, नाथू बरखेड़ा रोड, मुगालिया छाप, खजूरी बायपास तिराहा- मुबारकपुर चौराहा होकर आवागमन कर सकेंगे. इसके अलावा पॉलिटेक्निक चौराहा से गांधी पार्क तिराहा तक वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा.


ये रूट होंगे परिवर्तित 
शहर के रोशनपुरा से भारत टॅाकीज, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड की ओर जाने वाले दो पहिया और चार पहिया वाहन बाणगंगा, मछलीघर, खटलापुरा, पीएचक्यू तिराहा होते हुए भारत टॉकीज की ओर आवागमन कर सकेंगे. इसके अलावा रोशनपुरा से भारत टॅाकीज, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड की ओर जाने वाले दो पहिया एवं चार पहिया वाहन मालवीय नगर तिराहा से विधायक विश्राम गृह, पुलिस कंट्रोल रूम तिराहा होकर आवागमन कर सकेंगे.


बोर्ड के परीक्षार्थियों को राहत
रूट डायवर्जन के दौरान बोर्ड की परीक्षा में शामिल हो रहे बच्चों को छूट दी जाएगी. उन्हें बिना किसी रोक टोक के सेंटर तर जाने की छूट दी जाएगी. 


द्रोपदी मुर्मू का कार्यक्रम
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज राजधानी भोपाल में 7वें अंतर्राष्ट्रीय धर्म-धम्म सम्मेलन का उद्घाटन करेंगी. इस मौके पर उनके साथ राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी कार्यक्रम में शामिल होंगे. यह कार्यक्रम नए युग में मानववाद का सिद्धांत थीम पर आयोजित किया जाएगा. इस सम्मेलन में 15 देशों के 350 विद्वान, चिंतक, शोधार्थी और 5 देशों के मंत्रियों का विशेष-सत्र आयोजित किया जाएगा. इसके अलावा बता दें कि यह सम्मेलन तीन दिनों तक चलेगा. 


इस सम्मेलन में पहली बार एक अनूठा मंत्री सत्र का भी आयोजन होगा, जिसमें 5 देशों के मंत्री संस्कृति, सामंजस्य और विभिन्न विषय पर चर्चा करेंगे. इस सत्र में भूटान, श्रीलंका, इंडोनेशिया, नेपाल और भारत के मंत्री शामिल होंगे.


ये भी पढ़ेंः MP News Today: MP में BJP विधायक दल की बड़ी बैठक, छत्तीसगढ़ में बजट सत्र का तीसरा दिन; जानें आज और क्या होगा?