लखनऊ: योगी सरकार स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव के मुख्य कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के पद्म पुरस्कार से सम्मानित विभूतियों को आमंत्रित करेगी. इसके लिये तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. बता दें कि यूपी के कुल 14 विभूतियों को 2021 के पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया है. इनमें दो विभूतियां दिवंगत हो चुकी हैं, जबकि 12 विभूतियों को सरकार मुख्य समारोह में ससम्मान आमंत्रित करेगी.


COMMERCIAL BREAK
SCROLL TO CONTINUE READING

इनमें पद्म भूषण से सम्मानित राशिद खान (कला), वशिष्ठ त्रिपाठी (साहित्य एवं शिक्षा) को आमंत्रित किया जाएगा. वहीं पद्मश्री से सम्मानित कामलिनी अस्थाना एवं नलिनी अस्थाना (कला), शिवनाथ मिश्रा (कला), शीशराम (कला), सेठ पाल सिंह (कृषि), विद्या विंदु सिंह (साहित्य एवं शिक्षा), शिवानंद बाबा (योग), अजय कुमार सोनकर (विज्ञान एवं तकनीक), अजिता श्रीवास्तव (कला), डॉ कमलाकर त्रिपाठी (औषधि) को भी आमंत्रण भेजा जाएगा. 


इन दो विभूतियों को मरणोपरांत मिला है पद्म सम्मान 
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के राधेश्याम खेमका (साहित्य एवं शिक्षा) तथा कल्याण सिंह (सार्वजनिक जीवन) को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था. 2021 में 4 विभूतियों को पद्म विभूषण, 17 विभूतियों को पद्म भूषण तथा 107 विभूतियों को पद्मश्री से सम्मानित किया गया था. इनमें यूपी से कुल 14 विभूतियों को अलग अलग श्रेणी में पद्म सम्मानों से नवाजा गया. 


यूपी के सांस्कृतिक गौरव की 75 हस्तियां भी रहेंगी मौजूद 
उत्सव की मुख्य विशेषताओं में से एक यह भी है कि यूपी की विभिन्न संस्कृतियों और क्षेत्रों से संबंधित प्रत्येक वर्ग के 75 लोगों को आमंत्रित किया जाएगा. इसमें लोक कलाकार, आदिवासी समूह और विभिन्न समुदाय शामिल होंगे जो उत्तर प्रदेश की विविध संस्कृति को अपनी पारंपरिक पोशाक में प्रदर्शित करेंगे. कुल मिलाकर, 75 विभिन्न समूहों के 75 व्यक्ति राज्य की समृद्धि का चित्रण करेंगे. इसके अलावा, बीसी सखियां, कारखानों के कर्मचारी, किसान, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहित 16 ट्रेडों का प्रतिनिधित्व करने वाले लोग भी इस आयोजन का हिस्सा होंगे.