भुवनेश्वर : बीजू जनता दल (बीजद) के सांसद और ओडिशा में नयागढ़ शाही परिवार के वंशज हेमेंद्र चंद्र सिंह का शुक्रवार को निधन हो गया। सिंह के परिवार ने कहा कि 46 वर्षीय सिंह को सीने में दर्द की शिकायत और सांस लेने में तकलीफ होने पर बीते शनिवार को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी हालत कल गंभीर हो गई और आज तड़के उन्होंने अंतिम सांस ली।


COMMERCIAL BREAK
SCROLL TO CONTINUE READING

कंधमाल सीट से लोकसभा के सदस्य सिंह के परिवार में पत्नी, एक बेटी और एक बेटा है। वे नयागढ़ के पूर्व शाही परिवार के राजा ब्रजेंद्र किशोर सिंह के छोटे बेटे थे। वे इस साल फरवरी में कांग्रेस छोड़कर बीजद में शामिल हो गए थे। उन्होंने अप्रैल में हुए आम चुनावों में बीजद की टिकट पर कंधमाल लोकसभा सीट जीती थी।


रायपुर के राजकुमार कॉलेज में पढ़े सिंह कांग्रेस के एक सक्रिय नेता थे और बीजद से जुड़ने से पहले उन्होंने पार्टी की नयागढ़ जिला इकाई की अध्यक्षता की थी। नेताओं, विभिन्न क्षेत्रों की प्रसिद्ध हस्तियों और उनके प्रशंसकों ने सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया है।