Chandrayaan-3 Landing: पाकिस्तान की इमरान सरकार में मंत्री रहे फवाद चौधरी हमेशा भारत के खिलाफ जहर उगलते रहे हैं. फवाद चौधरी ने चंद्रयान-2 मिशन की आंशिक असफलताओं के बाद भारत पर तंज भी कसा था. लेकिन अब लगता है वे सुधर गए हैं या फिर भारत की शक्ति को पहचान लिया है. अब उन्होंने चंद्रयान-3 मिशन के लैंडिंग से एक दिन पहले एक ट्वीट किया है. इसमें ना सिर्फ वे भारत को बधाई दे रहे हैं, बल्कि भारत की विज्ञान तकनीक के आगे नतमस्तक नजर आ रहे हैं. उन्होंने ट्वीट में पाकिस्तानी मीडिया से यह भी कह डाला कि चंद्रयान-3 की लैंडिंग को पाकिस्तान में लाइव दिखाना चाहिए. इसके अलावा भी उन्होंने काफी कुछ लिखा है.


COMMERCIAL BREAK
SCROLL TO CONTINUE READING

दरअसल, पाकिस्तान के पूर्व विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री फवाद चौधरी ने मंगलवार को ट्वीट करते हुए लिखा, 'पाकिस्तानी मीडिया को कल शाम 6:15 बजे चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर लैंडिंग को लाइव दिखाना चाहिए. यह मानव जाति के लिए ऐतिहासिक क्षण है. विशेष रूप से भारत के लोगों, वैज्ञानिकों और अंतरिक्ष समुदाय के लिए बहुत बधाई.' हमेशा भारत पर तंज कसने वाले फवाद ने इस बार बेहद सधे शब्दों में भारतीय वैज्ञानिकों और भारतीय एजेंसी को बधाई दी है. उन्होंने ट्वीट में अपनी अभिव्यक्ति की है.



 


फवाद चौधरी के इतना लिखते ही इस पर प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया है, क्योंकि उनकी तरफ से ऐसा लिखा जाना लोगों को चौंका रहा है. ऐसा इसलिए क्योंकि पिछले चंद्रमिशन पर उन्होंने भारत पर तंज कसा था और तीखी टिप्पणियां की थीं. खुद पाकिस्तानी लोग उनके ट्वीट पर हैरान रह गए हैं. कुछ ने तो यहां तक लिख दिया कि सुधर गए हो क्या. जबकि इधर भारतीय यूजर्स ने चुटकी लेते हुए लिखा कि अब आया है ऊंट पहाड़ के नीचे, अब भारत की विज्ञान शक्ति का अंदाजा इनको लगा है. चंद्रयान-2 मिशन के समय चौधरी फवाद हुसैन ने बेहूदा टिप्पणी की थी. 


फिलहाल पूरी दुनिया ने भारत के मून मिशन चंद्रयान-3 के लिए इसरो और भारतीय वैज्ञानिकों का लोहा मान रही है. अब पाकिस्तान भी भारत की शक्ति को समझने लगा है. इसी कड़ी में फवाद चौधरी का यह ट्वीट सामने आया है. बता दें कि चंद्रयान-3 बुधवार को चंद्रमा की सतह पर लैंड करेगा. लॉन्चिंग के समय भी चीन, अमेरिका, यूरोप, रूस समेत कई अंतरिक्ष एजेंसियों ने भी शुभकामनाएं भेजी थीं.